UP News: फर्जी प्रवेश पत्र के सहारे इंटरव्यू देने पहुंची महिला गिरफ्तार, इस तरह खुली पोल

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग में प्रवक्ता (पीजीटी) रसायन विज्ञान के साक्षात्कार के दौरान एक महिला अभ्यर्थी को जाली प्रवेश पत्र के साथ पकड़ा गया। आयोग ने जांच के बाद महिला को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 June 2026, 8:36 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग में प्रवक्ता (PGT) रसायन विज्ञान के साक्षात्कार के दौरान एक महिला अभ्यर्थी के फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आयोग ने जांच के बाद महिला को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

खुद को बताया सफल अभ्यर्थी

जानकारी के अनुसार देवरिया जिले के उमानगर निवासी वीनस श्रीवास्तव बुधवार सुबह आयोग में साक्षात्कार देने पहुंचीं। उन्होंने दावा किया कि वह लिखित परीक्षा में सफल हुई हैं, लेकिन किसी तकनीकी कारण से उनका साक्षात्कार पत्र डाउनलोड नहीं हो पा रहा है। महिला ने आयोग के अधिकारियों को एक प्रवेश पत्र भी प्रस्तुत किया और इंटरव्यू में शामिल होने की अनुमति मांगी।

बारकोड स्कैन होते ही खुली सच्चाई

महिला के दावे पर आयोग ने उसके दस्तावेजों की गहन जांच की। प्रवेश पत्र पर लगे बारकोड को स्कैन करने पर कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। जांच में पाया गया कि प्रवेश पत्र पर दर्ज रजिस्ट्रेशन नंबर और अभिलेखों में दर्ज जानकारी मेल नहीं खा रही थी। आगे की जांच में पता चला कि महिला लिखित परीक्षा में सफल नहीं हुई थी। उसने रसायन विज्ञान विषय की एक सफल अभ्यर्थी के अनुक्रमांक का इस्तेमाल कर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार किया था।

सफल अभ्यर्थी इंटरव्यू में मौजूद मिली

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जिस अनुक्रमांक का उपयोग महिला ने किया था, उस पर चयनित वास्तविक अभ्यर्थी श्रुति शर्मा आयोग में साक्षात्कार के लिए मौजूद थीं। उनके पास आयोग द्वारा जारी वैध साक्षात्कार पत्र भी था। इस खुलासे के बाद आयोग को पूरे मामले में फर्जीवाड़े की पुष्टि हो गई।

आयोग ने दर्ज कराई एफआईआर

आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने कहा कि इस तरह की हरकत आयोग की पारदर्शिता और निष्पक्षता को प्रभावित करने का प्रयास है। आयोग के उप सचिव डॉ. नंदलाल चौरसिया की ओर से कर्नलगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आयोग ने चेतावनी दी है कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Lucknow

Published :  18 June 2026, 8:36 PM IST