डॉक्टर की मां ने भी उठाया हाथ? मैनपुरी के निजी अस्पताल में मर्यादा तार-तार

कचहरी रोड स्थित सतीश नर्सिंग होम में पेट दर्द का इलाज कराने आई ढाई महीने की गर्भवती महिला और उसके पति के साथ फीस वापसी के विवाद में डॉक्टर और स्टाफ द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनने और सीसीटीवी छिपाने का भी आरोप है। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 June 2026, 2:50 PM IST

Mainpuri : शहर के कचहरी रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम में गर्भवती महिला के साथ अभद्रता और मारपीट किए जाने के आरोप के बाद हंगामा खड़ा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली और पीड़िता को कोतवाली ले जाकर उसकी तहरीर प्राप्त की। महिला ने चिकित्सक और अस्पताल स्टाफ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

फीस वापसी को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के नगला पजाबा निवासी पूजा ने आरोप लगाया कि वह पेट में दर्द की शिकायत होने पर कचहरी रोड स्थित सतीश नर्सिंग होम में उपचार कराने पहुंची थीं। पूजा का कहना है कि वह लगभग ढाई माह की गर्भवती हैं। अस्पताल में चिकित्सक ने उनका परीक्षण किया, लेकिन कोई दवा नहीं लिखी। इस पर उन्होंने जमा की गई फीस वापस करने की मांग की।

पीड़िता का सनसनीखेज आरोप

पीड़िता का आरोप है कि फीस वापस मांगने पर चिकित्सक नाराज हो गए और विवाद शुरू हो गया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने शांति से बात करने का प्रयास किया तो अस्पताल के स्टाफ ने उन्हें घेर लिया। इसी दौरान चिकित्सक की मां, जो स्वयं भी चिकित्सक हैं, वहां पहुंचीं और उनके साथ मारपीट की।

Mainpuri News: सपा विधायक बृजेश कठेरिया ने एनकाउंटर और कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल, अभिषेक बनर्जी मामले पर भी सरकार को घेरा

वीडियो बनाने पर छीना मोबाइल

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि घटना का वीडियो बनाने की कोशिश करने पर उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया। वहीं उनके पति के साथ भी अभद्रता और हाथापाई किए जाने का आरोप लगाया गया है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से जानकारी ली। पीड़िता का कहना है कि पुलिस को अस्पताल के कमरे का सीसीटीवी फुटेज भी नहीं दिखाया गया। इसके बाद वह कोतवाली पहुंची और लिखित तहरीर देकर संबंधित चिकित्सक एवं अस्पताल स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

सीसीटीवी फुटेज छिपाने का आरोप

पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं समाचार लिखे जाने तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।

Location :  Mainpuri

Published :  4 June 2026, 2:50 PM IST