
उत्तर प्रदेश की हर बड़ी खबर पर नजर (Img- Dynamite News)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में आज क्या हो रहा है? राजनीति से लेकर अपराध, शिक्षा, रोजगार, मौसम और सरकारी योजनाओं तक हर बड़ी खबर का ताजा अपडेट यहां मिलेगा। प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, नोएडा और गाजियाबाद समेत सभी जिलों की महत्वपूर्ण खबरों से जुड़े रहें। सरकार के फैसलों, प्रशासनिक हलचल, पुलिस कार्रवाई, सड़क हादसों, चुनावी गतिविधियों और जनहित से जुड़े मुद्दों की पल-पल की जानकारी यहां पढ़ें। यूपी की ब्रेकिंग न्यूज, बड़ी खबरें और स्थानीय घटनाक्रम जानने के लिए इस लाइव अपडेट को लगातार फॉलो करते रहें। हर जरूरी अपडेट सबसे पहले जानें।
उत्तर प्रदेश में अधिवक्ताओं की हत्याओं के विरोध में बदायूं के वकीलों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। जिला बार एसोसिएशन के सदस्यों ने कचहरी चौक पर करीब एक घंटे तक जाम लगाए रखा। डीएम के मौके पर पहुंचने के बाद जाम खोला गया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
सहारनपुर में 2027 की तैयारियों के बीच बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद पहुंचे। इस दौरान वर्तमान प्रत्याशी फिरोज आफताब ने सड़क के बीच कार खड़ी कर उसके ऊपर खड़े होकर काफिले का स्वागत किया। इससे यातायात प्रभावित हुआ और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मिर्जापुर में समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष गणेश केसरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यालय से जुलूस निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर मांगों पर कार्रवाई की अपील की।
आगरा के कमला नगर स्थित प्रोफेसर कॉलोनी में तीन नकाबपोश चोरों ने PVC कारोबारी संदीप अग्रवाल के घर चोरी की। आरोपियों ने परिवार को कमरों में बंद कर करीब 400 से 500 ग्राम सोने-चांदी की ज्वेलरी चुरा ली। वारदात CCTV में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
हमीरपुर के बिंवार थाना क्षेत्र स्थित बान्धुर खुर्द गांव में कैंसर पीड़ित ने दबंगों पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान उसकी अनुपस्थिति में अतिक्रमण किया गया। जुताई-बुवाई से रोकने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत डीएम से की है।
हमीरपुर के बिंवार थाना क्षेत्र स्थित भरखरी गांव में शॉर्ट सर्किट से घर में भीषण आग लग गई। हादसे में लाखों रुपये का सामान, जेवरात और 20 हजार रुपये नकद जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से एक व्यक्ति का हाथ भी झुलस गया। नुकसान का आकलन जारी है।
बलिया के दुबहड़ थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के धरनीपुर मोड़ के पास पुलिस मुठभेड़ हुई। हत्या के प्रयास के आरोपी सत्यपाल उर्फ अश्वनी कुमार ने असलहा बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने तमंचा और कारतूस बरामद किए।
बलिया ने रविवार को अपना 186वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। गंगा बहुद्देशीय सभागार में आयोजित समारोह में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह शामिल हुए। उन्होंने आजादी की लड़ाई में बलिया के योगदान को याद करते हुए कहा कि जनपद अब विकास की नई राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कासगंज के मराठा होटल में गाली-गलौज का विरोध करने पर संचालक ओमकार सिंह पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्रिंस ठाकुर, भोले ठाकुर, गौरव समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आरोप है कि तमंचे से फायरिंग की गई।
चित्रकूट में नवंबर 2026 को सड़क सुरक्षा माह के रूप में मनाने की शुरुआत हुई। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्कूली बच्चे शामिल हुए। इस दौरान लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया और सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करने की अपील की गई।
चित्रकूट में दीपावली पर इस बार दीपदान के साथ भव्य ड्रोन शो भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। प्रशासन की योजना के अनुसार, 500 ड्रोन आसमान में रामचरितमानस और रामायण की थीम पर दृश्य प्रस्तुत करेंगे। दीपदान के बाद करीब 30 मिनट का शो आयोजित किया जाएगा।
चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र के दक्षिणी बाजार में पुलिस ने छापेमारी कर सवा पांच क्विंटल पटाखे बरामद किए। मकान की तीसरी मंजिल पर चूड़ा-लाई की दुकान की आड़ में अवैध भंडारण किया गया था। सीओ सदर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के बाद वैधानिक प्रक्रिया जारी है।
सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह तालाब में 20 वर्षीय युवक का शव उतराता मिला। मृतक की पहचान कंजाखेड़ा निवासी पिंटू पुत्र इंदल के रूप में हुई। वह दो दिनों से लापता था। शव मिलने पर परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फर्रुखाबाद के कमालगंज क्षेत्र में आरपी डिग्री कॉलेज के पास एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक पिछले 14 दिनों से लापता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत तीन नवंबर को बरेली में विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और सांसद गीता शाक्य समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम में करीब 25 हजार पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के जुटने की तैयारी है।
मैनपुरी के घिरोर थाना क्षेत्र स्थित नगला में पति-पत्नी के विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पत्नी को जंजीर से बांध दिया। घटना का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को मुक्त कराया, जिसके बाद मायके वाले उसे ले गए।
मैनपुरी के पुरानी बस्ती देवपुरा में गांजा बिक्री का विरोध करने पर बाइक सवार युवकों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
उमरपुर गांव में रविवार को एक मकान के कमरे में अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गजियापुर निवासी रामकिशोर के रूप में हुई। सिर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने मकान मालिक शिवम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हमीरपुर में तीन वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने छिपाकर रखे असलहे से फायरिंग की, जिसके जवाब में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
Location : Lucknow
Published : 2 November 2026, 11:27 AM IST