
यूपी की बड़ी खबर (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने नये प्रयोगों, तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बिग ब्रेकिंग समाचारों के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 22 अगस्त 2026 को हम आपके लिए यूपी की खबरों को पढ़ने और समझने का एक नया अनुभव लेकर आए हैं।
प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। कहीं भारी बारिश और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं तो कहीं अपराध से जुड़े मामलों ने सनसनी मचा दी है। वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर भी लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। ऐसे में हर खबर पर अलग-अलग जाने की जरूरत नहीं है।
डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह, एक ही क्लिक में मिलती रहेगी। लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के हर जिले की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे।
22 अगस्त 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और हर बड़ी हलचल की पल-पल की अपडेट। खबरों के बदलते घटनाक्रम के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा, ताकि आप प्रदेश की हर जरूरी खबर से जुड़े रहें।
सोनभद्र में लगातार हो रही बारिश के बीच तेज बहाव ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शक्तिनगर थाना क्षेत्र में एक युवक बाइक लेकर तेज बहाव वाले पुल को पार करने लगा। अचानक बाइक समेत युवक बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक और बाइक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र की PWD कॉलोनी में चोरों ने एक साथ चार घरों को निशाना बनाया। चोर नगदी और कीमती सामान समेत करीब 10 लाख रुपये का माल समेट ले गए। घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बागपत कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया। हादसे में पति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पत्नी और मासूम बेटा गंभीर घायल हैं। दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि कार सवार दो युवक नशे में थे। पुलिस जांच में जुटी है।
जालौन के कुठौंद क्षेत्र में बोलेरो से युवक को कुचलने के मामले में घायल युवक की हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि युवक को कुचलने के बाद बोलेरो से घसीटा भी गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नोएडा में AAP यूथ विंग के यूपी अध्यक्ष पर सरकारी स्कूल में बिना अनुमति प्रवेश कर वीडियो बनाने के आरोप में FIR दर्ज हुई है। स्कूल स्टाफ की शिकायत पर सेक्टर-49 थाने में केस दर्ज किया गया। ग्रेटर नोएडा के बादलपुर में भी इसी तरह की FIR हुई है। करीब आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया।
ग्रेटर नोएडा की गोल्फ होम्स सोसायटी में निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हुआ। 14वीं मंजिल से सेफ्टी बेल्ट टूटने के कारण दो मजदूर नीचे गिर गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटिया गुणवत्ता की बेल्ट इस्तेमाल करने का आरोप है। पुलिस ने सोसायटी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ में रबी-उल-अव्वल को लेकर मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने लोगों से प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग पर ही जुलूस निकालने की अपील की। साथ ही किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले नारों से बचने और शांतिपूर्ण तरीके से धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की गई है।
देवरिया पुलिस ने रविवार को जिलेभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। पुलिस कार्यालयों, थानों, चौकियों और पुलिस लाइन में जवानों ने श्रमदान कर साफ-सफाई की। अभियान के दौरान वाहनों और अभिलेखों को व्यवस्थित किया गया। पेड़-पौधों की सफाई, छंटाई और खर-पतवार की निराई भी की गई। पुलिसकर्मियों ने स्वच्छ और सुंदर परिसर के साथ लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
फतेहपुर में 8 रबीउल अव्वल के मौके पर शहीदाने कर्बला की याद में अलविदाई जुलूस निकाला गया। इमाम बारगाह हुसैनी अलीगंज से शुरू हुआ जुलूस अलीगंज स्थित कर्बला पहुंचकर समाप्त हुआ। मौलानाओं ने तकरीर के जरिए कर्बला के शहीदों को याद किया। इस दौरान अकीदतमंदों ने नौहाख्वानी और सीनाजनी की। भावुक माहौल में बड़ी संख्या में लोगों ने नम आंखों से विदाई दी।
देवरिया के रुद्रपुर स्थित एमएल एकेडमी स्कूल में बंदर के हमले से हड़कंप मच गया। शनिवार को कॉपियां जांच रहे शिक्षक नरेंद्र पर बंदर ने हमला कर दिया। शिक्षक के दाहिने हाथ में काटने से खून बहने लगा और शरीर पर कई चोटें आईं। घटना के बाद स्कूल में दहशत फैल गई और छात्र-छात्राएं सहम गए। बंदर के अचानक स्कूल में घुसने से अफरा-तफरी मच गई।
बुलंदशहर में विकास प्राधिकरण की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्राम बराल में ‘सुधीर गोयल’ के नाम से ध्वस्तीकरण नोटिस चस्पा किया गया, जबकि दावा है कि राजस्व रिकॉर्ड में इस नाम का जमीन से कोई संबंध नहीं है। बिना स्पष्ट नाम-पते के नोटिस जारी होने से स्थानीय लोगों में हड़कंप है और प्राधिकरण की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर RPF और GRP ने ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस से एक संदिग्ध बांग्लादेशी युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान 23 वर्षीय मोहम्मद रियाज अहमद के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक उसके पास भारत में प्रवेश और निवास से जुड़े वैध पासपोर्ट, वीजा या दस्तावेज नहीं मिले। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए LIU, ATS और IB को सूचना दी गई है।
झांसी-कानपुर हाईवे पर मोठ कोतवाली क्षेत्र में इंदौर से लखनऊ जा रही शताब्दी बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग बस में फंस गए। आसपास के लोगों ने शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस और डायल-112 टीम ने घायलों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया। करीब दो दर्जन से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
प्रतापगढ़ के राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रसव के बाद महिला की मौत से हड़कंप मच गया। परिजनों ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतका के पति ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर जिम्मेदारों के खिलाफ एफआईआर और कार्रवाई की मांग की। परिजनों के मुताबिक प्रसव के कुछ घंटे बाद महिला की अचानक तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।
मैनपुरी के दन्नाहार थाना क्षेत्र में पूड़ी बेलने का काम दिलाने के बहाने महिला से दुष्कर्म का आरोप लगा है। पीड़िता के मुताबिक आरोपी उसे स्कूटी से ले गया और ट्यूबवेल की कोठरी में वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
हाथरस के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय टुकसान में छात्राओं ने मुख्यमंत्री को चिट्ठियां लिखकर अपने सपने, सुझाव और मन की बातें साझा कीं। डीएम अतुल वत्स, एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा और सीडीओ पीएन दीक्षित ने छात्राओं से संवाद किया। अधिकारियों ने पढ़ाई के साथ खेलकूद और स्वास्थ्य पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं को चॉकलेट और स्टेशनरी किट भी बांटी गई।
हाथरस में ऐतिहासिक श्री दाऊजी महाराज राजकीय मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। डीएम अतुल वत्स ने एसपी और अधिकारियों के साथ मेला परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रवेश-निकासी के अलग मार्ग बनाने के निर्देश दिए। पार्किंग व्यवस्था व्यवस्थित करने और आपात स्थिति में त्वरित निकासी के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार रखने को भी कहा।
प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। दोनों नदियां फिलहाल खतरे के निशान से करीब साढ़े तीन मीटर नीचे हैं, लेकिन रिवर फ्रंट रोड और नागवासुकी रोड जलमग्न हो चुकी हैं। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। डीएम ने एडवाइजरी जारी की है, जबकि NDRF, SDRF और जल पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
मिर्जापुर में रेलवे पुलिस ने ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान रियाज अहमद के रूप में हुई है और उसके पास भारत में प्रवेश से जुड़े वैध वीजा-पासपोर्ट नहीं मिले। FIR में संदिग्ध संगठन से संबंध होने की बात भी दर्ज की गई है। पुलिस ने खुफिया एजेंसियों को सूचना देकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
काशीपुर में करोड़ों रुपये की जमीन की कथित धोखाधड़ी के मामले में पुनीत सिंघल और उनकी मां निशा सिंघल के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि 20.21 करोड़ रुपये में जमीन का सौदा तय हुआ और 11 करोड़ रुपये की भूमि ट्रांसफर कराई गई। पीड़ित ने बयाना, चेक और रकम वापसी को लेकर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Location : Lucknow
Published : 23 August 2026, 9:19 AM IST