Bulandshahr News: विश्व पर्यावरण दिवस मनाने पहुंचे केंद्रीय जल शक्ति मंत्री, सीआर पाटिल ने किया हजारों लोगों को जागरूक

मंत्री ने कहा कि नदी में जीवन की बहार लाने के लिए ऐसी पहलें बेहद जरूरी हैं। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 5 June 2025, 2:27 PM IST
google-preferred

बुलंदशहर: केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने गुरुवार को बुलंदशहर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया। उन्होंने गंगा मैया पार्क में वृक्षारोपण किया। इसके बाद वसी घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। फिर गंगा के वसी घाट पर कछुए और मछलियां छोड़कर जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाए है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने गंगा मैया पार्क में वृक्षारोपण कर पर्यावरण की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की। इस दौरान उन्होंने वृक्षारोपण के महत्व पर जोर दिया और सभी नागरिकों से अपील की कि वे पर्यावरण की रक्षा में योगदान दें।

स्वच्छता अभियान और कछुए-मछलियों का विमोचन

जल शक्ति मंत्री ने वसी घाट पर स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने गंगा के किनारे सफाई कार्य किया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसके बाद उन्होंने गंगा में कछुए और मछलियों को छोड़कर जलजीवों के संरक्षण का संदेश दिया। मंत्री ने कहा कि नदी में जीवन की बहार लाने के लिए ऐसी पहलें बेहद जरूरी हैं।

प्राकृतिक कार्यशाला का उद्घाटन

जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने नरोरा के गंगा बसी घाट पर एक विशेष कार्यक्रम के तहत प्राकृतिक कार्यशाला का उद्घाटन भी किया। इस कार्यशाला का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती के फायदे और जल संरक्षण के तरीकों से अवगत कराना था।

किसानों और अधिकारियों की उपस्थिति

कार्यक्रम के दौरान जनपद के विधायक, डीएम, एसएसपी, और क्षेत्र के संभ्रांत किसान भी मौजूद रहे। किसानों ने ऑर्गेनिक खेती के महत्व पर जोर दिया और यह बताया कि जल संरक्षण से कृषि क्षेत्र में किस तरह सुधार किया जा सकता है।

मीडिया से दूरी

कार्यक्रम के समापन के बाद केंद्रीय मंत्री सी आर पाटिल ने मीडिया से दूरी बनाई और बिना बाइट दिए ही गाड़ी में बैठकर कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए। उनके इस कदम ने मीडिया कर्मियों को चौंका दिया, क्योंकि आमतौर पर केंद्रीय मंत्री कार्यक्रमों के बाद मीडिया से संवाद करते हैं। इस प्रकार केंद्रीय जल शक्ति मंत्री का यह कार्यक्रम बुलंदशहर के जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और कृषि क्षेत्र को समर्पित था।

Location : 
  • Bulandshahr

Published : 
  • 5 June 2025, 2:27 PM IST