
अज्ञात महिला की मौत
Maharajganj : जिले के लेहरा रेलवे स्टेशन पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई। जब सुपरफास्ट ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, बृजमनगंज थाना क्षेत्र स्थित लेहरा रेलवे स्टेशन पर बढ़नी-नकहा-गोरखपुर रूट पर चलने वाली एक सुपरफास्ट ट्रेन की चपेट में आने से करीब 25 साल अज्ञात महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि महिला की पहचान हो सके और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
मौके पर मौजूद कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि महिला कथित तौर पर ट्रेन के सामने आ गई थी। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस या रेलवे प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस महिला की पहचान कराने की कोशिश कर रही है। शिनाख्त होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 1 August 2026, 9:08 PM IST