मिर्जापुर में ट्रक-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवकों की मौत, एक गंभीर

मिर्जापुर में पंवारी कलां प्लांटेशन पुल के पास ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

Post Published By: Prashant Sharma
Updated : 6 November 2026, 4:54 PM IST

मिर्जापुर : पंवारी कलां प्लांटेशन पुल के पास ट्रक और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया में प्राथमिक उपचार देने के बाद मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

गड़बड़ा पुल से घर लौटते समय हुआ हादसा

ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बंजारी कलां गांव निवासी रामश्रृंगार वर्मा (25) अपने भाई नेता (20) और पड़ोसी साथी बबुलेश कोल (20) के साथ बाइक से गड़बड़ा पुल की ओर गए थे। वापस घर लौटते समय पंवारी कलां प्लांटेशन पुल के पास सामने से आ रहे ट्रक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। ट्रक सिकटा साधन सहकारी समिति से खाद उतारकर आ रहा था।

मिर्जापुर में सपा नेता के खिलाफ भड़का आक्रोश! सैकड़ों ब्राह्मणों ने कोतवाली घेरकर की FIR की मांग, पूर्व PCS अधिकारी भी पहुंचे

ट्रक के टायर से कुचलकर रामश्रृंगार की मौत

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक रामश्रृंगार वर्मा ट्रक के टायर के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घायल नेता और बबुलेश कोल को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया पहुंचाया गया।

अस्पताल में बबुलेश ने तोड़ा दम, नेता रेफर

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक विमल कुमार ने बबुलेश कोल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, नेता की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

घटनास्थल

परिजनों में मचा कोहराम

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। रामश्रृंगार की मौत से उनके पिता महादेव वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बबुलेश कोल के पिता मुन्ना कोल भी बेटे की मौत से बदहवास हैं। हादसे में रामश्रृंगार का सगा भाई नेता भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।

ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रक और बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हुई है, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ट्रक की तलाश कर रही है।

Location :  Mirzapur

Published :  6 November 2026, 4:54 PM IST