
शव पहुंचते ही बरवा खुर्द में कोहराम
Maharajganj: महराजगंज जनपद के घुघली थाना क्षेत्र के बरवा खुर्द गांव में शुक्रवार सुबह उस समय माहौल शोक में डूब गया, जब कर्नाटक के मंगलौर में करंट लगने से मृत दो युवकों के शव गांव पहुंचे। गांव की गली में प्रवेश करते ही ताबूतों को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों में भी गहरा दुख और आक्रोश व्याप्त दिखाई दिया।
सोमवार को कर्नाटक के मंगलौर शहर में पेंटिंग कार्य के दौरान करंट लगने से दोनों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान विवेक साहनी पुत्र चौथी साहनी (21 वर्ष) और विशाल साहनी पुत्र संतोष साहनी (22 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों काफी समय से मंगलौर में पेंटिंग का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवारों में मातम पसर गया।
Maharajganj Assault: जंगल में महिला से युवक ने किया दुष्कर्म, पुलिस ने लिया ये एक्शन
कर्नाटक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेते हुए विधिक कार्रवाई शुरू की और मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद गुरुवार देर रात शवों को सड़क मार्ग से बरवा खुर्द भेजा गया। शुक्रवार सुबह जैसे ही एम्बुलेंस गांव में दाखिल हुई, चीख-पुकार का माहौल बन गया। हजारों की संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और आसपास के लोग दोनों युवकों के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े।
NEET-JEE कोचिंग जल्द शुरू करने के निर्देश, DM Maharajganj ने कहा, छात्रों का समय न हो बर्बाद
गांव के बुजुर्गों ने बताया कि दोनों युवक मिलनसार और मेहनती थे, उनकी मौत से गांव ने दो होनहार युवकों को खो दिया है। परिवारों की आर्थिक स्थिति भी बेहद साधारण है, ऐसे में यह हादसा उनके लिए गहरा आघात बनकर आया है।
अंतिम संस्कार के लिए दोनों शवों को बैकुंठी घाट घुघली ले जाया गया, जहां नम आंखों के साथ अंतिम विदाई दी गई। ग्रामीणों ने सरकार से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग भी की है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।
Location : Maharajganj
Published : 5 December 2025, 2:29 PM IST