
Budaun: बदायूँ जिले के थाना बिसौली क्षेत्र के कस्बा बिसौली से एक वीडियो सामने आया है, जिसने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल हो रहे इस वीडियो में ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात एक टीएसआई कथित तौर पर पांच सौ रुपये का नोट लेते नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह रकम चालान के नाम पर ली गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि होली के मौके पर वाहन चालकों को चालान का भय दिखाकर रुपये वसूले गए। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है और लोग इसे भ्रष्टाचार का उदाहरण बता रहे हैं। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन चर्चा तेज है।
आरोप यह भी है कि दिनभर में हजारों रुपये की अवैध वसूली की जाती है और गरीब, ग्रामीण तथा बाजार में खरीदारी करने आए लोग आसान निशाना बनते हैं। कई स्थानीय लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि चालान की आड़ में मौके पर ही नकद लेनदेन होता है।
कानून का पालन कराने वाली एजेंसी पर ही आरोप लगने से लोगों में नाराजगी है। क्षेत्र में चर्चा है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह व्यवस्था पर गंभीर सवाल है।
मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी और यदि कोई दोषी पाया गया तो नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।
फिलहाल कस्बा बिसौली का यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Location : Budaun
Published : 22 February 2026, 6:12 PM IST
Topics : Budaun News crime news UP News