
मेट्रो (Img: Google)
New Delhi: राजधानी दिल्ली में रोजाना लाखों लोग मेट्रो (Delhi Metro) का इस्तेमाल करते हैं। मेट्रो स्टेशन के बाहर पहुंचते ही लोगों को अक्सर अव्यवस्था, भीड़ और वाहनों की लंबी कतारों का सामना करना पड़ता है। खासकर ई-रिक्शा, ऑटो और ग्रामीण सेवा वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग के कारण स्टेशनों के बाहर हालात खराब हो जाते हैं। अब दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और मेट्रो प्रशासन ने इस समस्या को खत्म करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। जल्द ही मेट्रो स्टेशनों के बाहर नया सर्कुलेशन प्लान लागू किया जाएगा। जिससे लोगों को बेहतर आवाजाही का अनुभव मिल सकेगा।
दिल्ली मेट्रो देश की सबसे बड़ी और व्यस्त परिवहन सेवाओं में शामिल है। करीब 416 किलोमीटर लंबे नेटवर्क और 303 मेट्रो स्टेशनों के जरिए लाखों लोग हर दिन सफर करते हैं। मेट्रो स्टेशन से आगे की दूरी तय करने के लिए लोग ई-रिक्शा, ऑटो और छोटी लोकल सेवाओं पर निर्भर रहते हैं। लेकिन इन वाहनों के लिए निर्धारित जगह नहीं होने के कारण वे स्टेशन के बाहर कहीं भी खड़े हो जाते हैं। यही वजह है कि कई स्टेशनों के बाहर ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होती है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि मेट्रो स्टेशनों के आसपास ट्रैफिक की वास्तविक स्थिति समझने के लिए सर्वे शुरू किया गया है। यह सर्वे शनिवार से शुरू होकर तीन दिन तक चलेगा। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस और मेट्रो अधिकारी मिलकर हर स्टेशन की स्थिति का आकलन करेंगे। सर्वे में यह देखा जाएगा कि किन स्टेशनों पर वाहन सबसे ज्यादा अव्यवस्थित खड़े होते हैं और कहां लोगों को आने-जाने में ज्यादा परेशानी होती है।
दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) नीरज ठाकुर के अनुसार, ऑपरेशन सर्कुलेशन के तहत मेट्रो स्टेशनों के बाहर वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित किया जाएगा। इसका मकसद लोगों को आसान पहुंच देना और वाहनों को तय स्थान पर खड़ा करना है। इससे स्टेशन के बाहर अव्यवस्था कम होगी और यात्रियों को राहत मिलेगी।
इस योजना को लेकर हाल ही में दिल्ली पुलिस मुख्यालय में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त आयुक्त संजय त्यागी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और मेट्रो प्रशासन के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद मेट्रो स्टेशनों के बाहर वाहनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित हो सकती है। इससे यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलने और अपने गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी। दिल्ली की बढ़ती आबादी और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यह योजना शहर की ट्रांसपोर्ट व्यवस्था के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकती है।
Location : New Delhi
Published : 2 May 2026, 5:04 PM IST