
टिन शेड गिरा (Img : Google)
Lucknow : राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को उस वक्त रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई, जब चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-5 पर अचानक टिन शेड भरभराकर नीचे गिर पड़ा। हादसा इतना अचानक हुआ कि वहां मौजूद यात्री संभल भी नहीं सके। शेड गिरने से एक टीटीई और दो यात्री उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद प्लेटफार्म पर चीख-पुकार मच गई और रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय प्लेटफार्म नंबर-5 पर काफी संख्या में यात्री मौजूद थे। इसी दौरान ऊपर लगा टिन शेड अचानक टूटकर नीचे गिर गया। हादसे में टीटीई भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका पैर शेड के नीचे फंस गया था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और रेलवे स्टाफ ने किसी तरह शेड को उठाकर उन्हें बाहर निकाला। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोग भी घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे।
अपहरण केस दर्ज होने के बाद फांसी पर लटकी मिली युवती; लखनऊ के होटल में लखीमपुर की छात्रा का शव
घटना के दौरान हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस (13037) प्लेटफार्म पर पहुंच चुकी थी। हालांकि हादसे को देखते हुए ट्रेन को शेड गिरने वाली जगह से कुछ दूरी पहले ही रोक दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए प्लेटफॉर्म खाली कराया और राहत कार्य शुरू कराया। मौके पर क्रेन भी मंगवाई गई, जिसकी मदद से टूटे हुए टिन शेड को हटाया जा रहा है।
हादसे में घायल टीटीई भूपेंद्र का पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया है। वहीं यात्री साहिल का पैर भी शेड में दब गया था। दोनों समेत एक अन्य घायल यात्री को तुरंत आलमबाग स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
Location : Lucknow
Published : 29 May 2026, 12:10 PM IST