DN Exclusive: हाईटेक शहर नोएडा में आपका स्वागत है! जहां हजारों बच्चे मोमबत्ती की रोशनी में पढ़ाई को मजबूर, लोगों की जिंदगी हुई नर्क

नोएडा की चोटपुर कॉलोनी में कई दिनों से बिजली की समस्या के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई छात्र उमस भरी गर्मी के बीच मोमबत्ती की रोशनी में परीक्षा की तैयारी करते नजर आए। आधुनिक नोएडा और चोटपुर कॉलोनी की यह तस्वीर विकास को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 September 2026, 5:08 PM IST

Noida News: नोएडा का नाम सुनते ही आंखों के सामने चमचमाती इमारतें, चौड़ी सड़कें और आधुनिक सुविधाओं से लैस शहर की तस्वीर आती है। लेकिन इसी नोएडा की चोटपुर कॉलोनी से सामने आई तस्वीर विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। यहां पिछले कई दिनों से बिजली की समस्या बनी हुई है और इसका सबसे ज्यादा असर अब बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।

परीक्षा सिर पर, लेकिन बिजली गायब

चोटपुर कॉलोनी में पढ़ने वाले कई बच्चों के सामने इस वक्त सबसे बड़ी चिंता उनकी पढ़ाई है। छात्र परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं, लेकिन बिजली न होने के कारण उन्हें मोमबत्ती की रोशनी का सहारा लेना पड़ रहा है। बच्चों का कहना है कि आने वाले दिनों में एग्जाम हैं। ऐसे में अगर वे पढ़ाई नहीं करेंगे तो फेल हो सकते है।

छात्र हेमंत ने बताई सच्चाई

7वीं क्लास के छात्र हेमंत ने बताया कि कॉलोनी में करीब चार-पांच दिनों से बिजली की समस्या बनी हुई है। उनका कहना है कि मोमबत्ती की रोशनी में किताब के अक्षर तक ठीक से दिखाई नहीं देते, लेकिन परीक्षा नजदीक होने के कारण मजबूरी में इसी रोशनी में पढ़ना पड़ रहा है।

नोएडा को क्या हुआ? आखिर किसकी लगी नजर

छात्रा खुशी का कहना है कि नोएडा जैसे शहर में रहने के बावजूद उन्हें पढ़ाई के लिए मोमबत्ती जलानी पड़ रही है। बिजली के बिना घर में गर्मी और उमस का माहौल है, लेकिन पढ़ाई छोड़ने का विकल्प भी नहीं है। बच्चों के लिए यह कोई शौक या पुरानी आदत नहीं, बल्कि हालात से पैदा हुई मजबूरी है।

कुछ किलोमीटर दूर दिखती है नोएडा की चमक

चोटपुर कॉलोनी की सबसे बड़ी विडंबना यही है कि यहां से कुछ ही किलोमीटर दूर आधुनिक नोएडा की चमक दिखाई देती है। ऊंची इमारतें, रोशनी और बेहतर सुविधाओं वाले इलाकों के बीच इसी शहर के एक हिस्से में बच्चे अंधेरे घरों में बैठकर अपने भविष्य की तैयारी कर रहे हैं।

Location :  Noida

Published :  4 September 2026, 5:08 PM IST