देवरिया के VIP इलाके में चोरों का आतंक, कोतवाली के चंद कदमों पर लाखों की चोरी, हाई सिक्योरिटी जोन की सुरक्षा पर सवाल

देवरिया सदर कोतवाली के चंद कदमों की दूरी पर इनवर्टर दुकान में लाखों रुपये की चोरी से हड़कंप मच गया। हाई सिक्योरिटी इलाके में हुई इस वारदात ने पुलिस गश्त, CCTV निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानदार के अनुसार चोर करीब ₹5 लाख का सामान लेकर फरार हो गए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 August 2026, 12:44 PM IST

Deoria: देवरिया में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को सीधे चुनौती दे दी है। सदर कोतवाली से महज कुछ कदमों की दूरी पर स्थित एक इनवर्टर दुकान को चोरों ने निशाना बनाया और लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि चोरी की यह वारदात शहर के बेहद संवेदनशील और वीआईपी इलाके में हुई, जहां आसपास पुलिस चौकी, बैंक, जिलाधिकारी आवास और जज कॉलोनी जैसी महत्वपूर्ण जगहें मौजूद हैं।

दुकानदार के मुताबिक चोर दुकान से करीब 5 लाख रुपये कीमत का सामान और जरूरी सामग्री चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी उस समय हुई जब दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी पहुंचे। इसके बाद मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली के पास चोरी, पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल

जिस इलाके में यह चोरी हुई, वहां सुरक्षा को लेकर आमतौर पर काफी सतर्कता बरती जाती है। दुकान के पास ही सदर कोतवाली स्थित है, जबकि नजदीक में पुलिस चौकी भी मौजूद है। इसके अलावा सामने पंजाब नेशनल बैंक और आसपास प्रशासनिक अधिकारियों के आवास हैं। इतने संवेदनशील क्षेत्र में चोरों का दुकान में घुसना और चोरी कर आसानी से निकल जाना पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में ही अपराधी बेखौफ वारदात को अंजाम दे सकते हैं तो बाकी क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है।

CCTV कैमरे लगे होने के बाद भी नहीं लगी भनक

शहर में अपराध रोकने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके बावजूद चोरों ने दुकान को निशाना बनाया और पुलिस को घटना की भनक तक नहीं लग सकी। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर चोरों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस गश्त पर उठ रहे कई बड़े सवाल

इस चोरी की घटना के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। क्या पुलिस की रात में होने वाली गश्त प्रभावी तरीके से हो रही है? क्या सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी की जा रही है? क्या कोतवाली और पुलिस चौकी के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है? फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और चोरों तक पहुंचने के लिए सभी संभावित सुराग तलाशे जा रहे हैं। अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को कब तक पकड़ती है और चोरी हुआ सामान कब बरामद होता है। हालांकि, कोतवाली के इतने करीब हुई लाखों रुपये की चोरी ने देवरिया पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल जरूर खड़ा कर दिया है।

Location :  Deoria

Published :  9 August 2026, 12:44 PM IST