फतेहपुर में लाखों का माल साफ, चोरों ने इस बात का उठाया फायदा, अब पुलिस पर उठी उंगली

फतेहपुर के ललौली थाना क्षेत्र में चोरों ने सूने घर को निशाना बनाकर करीब 7 लाख रुपए की चोरी कर ली। सोना, चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 17 March 2026, 3:04 PM IST

Fatehpur: बिंदकी इलाके से एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। जहां बेखौफ चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों का माल साफ कर दिया। रात के अंधेरे में ताला तोड़कर घर में घुसे चोरों ने नगदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए। सुबह जब मामले का खुलासा हुआ तो इलाके में हड़कंप मच गया। घटना ने एक बार फिर पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गैराज चलाता है पीड़ित, घर रहता था खाली

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित धर्मेंद्र पुत्र स्वर्गीय हरिलाल सोनकर बिंदकी में गैराज चलाता है और हफ्ते में एक-दो बार ही अपने गांव कीर्तिखेड़ा आता था। घर में अक्सर ताला लगा रहता था। जिसका फायदा चोरों ने उठाया। बीती रात अज्ञात बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और आराम से घर के अंदर दाखिल हो गए।

फतेहपुर: संपत्ति के लालच में रिश्तों का कत्ल! पति की मौत के बाद ससुराल वालों ने विधवा और बेटियों को ही पहचानने से किया इनकार

संदूक खंगालकर जेवर और कैश लेकर फरार

चोरों ने घर के अंदर रखे संदूक को निशाना बनाया और उसमें रखे कीमती सामान को बारीकी से खंगाल डाला। करीब डेढ़ तोला सोने की चेन, मंगलसूत्र, कान के बाले, तोड़िया, पायल, कमरबंद समेत लगभग 3 तोला सोना और करीब 1 किलो चांदी के जेवरात चोर अपने साथ ले गए। इसके अलावा घर में रखे करीब 50 हजार रुपए नकद भी चुरा लिए गए। पीड़ित के अनुसार कुल नुकसान करीब 7 लाख रुपए का बताया जा रहा है।

पुलिस मौके पर, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही ललौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने बताया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरों को पकड़ लिया जाएगा।

क्या है मामला?

पूरा मामला ललौली थाना क्षेत्र के कीर्तिखेड़ा गांव का है। जहां सूने घर को देख चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित के बिंदकी में काम करने और घर के खाली रहने की जानकारी पहले से ही चोरों को थी। इसी का फायदा उठाकर उन्होंने योजना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।

Location : 
  • Fatehpur

Published : 
  • 17 March 2026, 3:04 PM IST