अफवाहों का खेल खत्म! रायबरेली में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं… प्रशासन का बड़ा दावा

रायबरेली में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। ज्यादातर पेट्रोल पंपों पर हालात सामान्य हैं और सप्लाई पूरी तरह सुचारू है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 29 March 2026, 12:41 AM IST

Raebareli: रायबरेली में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की खबरों ने दो दिन पहले ऐसा माहौल बना दिया था, मानो ईंधन खत्म होने वाला हो। पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें और अफरातफरी ने हालात बिगाड़ दिए थे। लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है- जांच और ग्राउंड रिपोर्ट ने साफ कर दिया कि यह सब महज अफवाह का असर था, हकीकत कुछ और ही है।

पेट्रोल पंपों पर अब हालात सामान्य

लखनऊ-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर स्थित इंडियन ऑयल के शक्ति फ्यूल स्टेशन समेत ज्यादातर पेट्रोल पंपों पर अब भीड़ सामान्य हो गई है। दो दिन पहले जहां लंबी-लंबी कतारें लगी थीं, वहीं अब लोगों को बिना किसी परेशानी के पेट्रोल-डीजल मिल रहा है। वाहन चालकों का कहना है कि अब न तो भीड़ है और न ही किसी तरह की लिमिट दिखाई दे रही है।

“अफवाह से बढ़ी थी भीड़”

रतापुर निवासी रामेंद्र साहू ने बताया कि उन्हें आज आसानी से पेट्रोल मिल गया और किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। वहीं व्यवसायी रविंद्र सिंह ने भी कहा कि अब हालात पूरी तरह सामान्य हैं। दोनों का मानना है कि पहले जो भीड़ दिखी, वह सिर्फ अफवाह के कारण थी, जबकि असल में तेल की कोई कमी नहीं है।

प्रशासन की सख्ती और निगरानी

जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर सप्लाई इंस्पेक्टर प्रशांत सिंह अपनी टीम के साथ लगातार पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर रहे हैं। परसदेपुर रोड स्थित भारत पेट्रोलियम आशापुर फिलिंग स्टेशन पर भी स्टॉक की जांच की गई। अधिकारियों ने पंप संचालकों को निर्देश दिया है कि जरूरत पड़ने पर तेल की लिमिट तय करें, ताकि सभी को समान रूप से ईंधन मिल सके।

मनमानी पर होगी कार्रवाई

प्रशांत सिंह ने साफ कहा कि यदि कोई पेट्रोल पंप मालिक जानबूझकर ईंधन देने से मना करता है या मनमानी करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गैस एजेंसियों पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि कालाबाजारी जैसी स्थिति न बन सके।

सप्लाई पूरी तरह सुचारू, घबराने की जरूरत नहीं

प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि जनपद में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भीड़ न लगाएं। जिन पेट्रोल पंपों पर कमी की सूचना मिलती है, वहां तुरंत जांच की जा रही है।

Location : 
  • Raebareli

Published : 
  • 29 March 2026, 12:41 AM IST