
इलाहाबाद हाईकोर्ट (Img : Google)
Prayagraj : सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने करीब पांच साल बाद समीक्षा अधिकारी (RO), सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) और कंप्यूटर सहायक के पदों पर बंपर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। कुल 543 पदों पर होने वाली इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 21 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 जून निर्धारित की गई है।
हाईकोर्ट द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार समीक्षा अधिकारी (RO) के 138 पद, सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) के 380 पद और कंप्यूटर सहायक के 25 पदों पर भर्ती की जाएगी। लंबे समय बाद आई इस भर्ती को लेकर प्रतियोगी छात्रों में उत्साह देखा जा रहा है।
समीक्षा अधिकारी (RO) पद लेवल-8 के अंतर्गत आता है, जिसका वेतनमान 47,600 रुपये से लेकर 1.51 लाख रुपये तक है। वहीं सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) पद लेवल-7 का है, जिसमें 44,900 रुपये से 1.42 लाख रुपये तक वेतन मिलेगा। कंप्यूटर सहायक पद के लिए 25,500 रुपये से 81,100 रुपये तक वेतन निर्धारित किया गया है।
अमरोहा मर्डर केस में बड़ा यू-टर्न, उम्रकैद की सजा काट रही महिला को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली जमानत
तीनों पदों के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना अनिवार्य है। इसके साथ ही कंप्यूटर साइंस में डिप्लोमा या 'ओ' लेवल सर्टिफिकेट होना जरूरी है। उम्मीदवारों को अंग्रेजी टाइपिंग और डाटा एंट्री का ज्ञान भी होना चाहिए।
आयु सीमा की बात करें तो RO और ARO पदों के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष रखी गई है। वहीं कंप्यूटर सहायक पद के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है।
भर्ती में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आरक्षण की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा महिलाओं, दिव्यांगों, पूर्व सैनिकों, स्वतंत्रता सेनानी आश्रितों और खिलाड़ियों के लिए भी पद आरक्षित किए गए हैं।
इस भर्ती की पूरी चयन प्रक्रिया नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) कराएगी। पहले चरण में प्रारंभिक परीक्षा होगी, जिसमें 200 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। यह परीक्षा तीन घंटे की होगी और इसमें किसी प्रकार की निगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
प्री परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। मुख्य परीक्षा 150 अंकों की होगी, जिसमें निबंध लेखन, अंग्रेजी और हिंदी-अंग्रेजी अनुवाद से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बाद तीसरे चरण में कंप्यूटर ज्ञान और टाइपिंग टेस्ट होगा।
अभ्यर्थी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सामान्य और ओबीसी वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 1200 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 1000 रुपये शुल्क जमा करना होगा।
Location : Prayagraj
Published : 16 June 2026, 6:13 AM IST