हिंदी
गंगा एक्सप्रेसवे बना स्टंटबाजों का अड्डा (Img : Google)
Meerut : गंगा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लग्जरी गाड़ियों में सवार युवकों ने बीच हाईवे को स्टंट का मैदान बना दिया। थार और स्कॉर्पियो जैसी करीब 10 गाड़ियों में पहुंचे युवक एक्सप्रेसवे पर आधे घंटे तक खतरनाक करतब दिखाते रहे। रील बनाते रहे और फिर टोल प्लाजा पर पहुंचकर बैरियर तोड़ते हुए फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर मेरठ की ओर से एक्सप्रेसवे पर दाखिल हुए युवकों ने खड़खड़ी टोल प्लाजा से कुछ दूरी आगे जाकर यू-टर्न लिया। इसके बाद गाड़ियों को बीच सड़क पर गोल-गोल घुमाकर स्टंट किए गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कई युवक चलती गाड़ियों से रील बनाते और हुड़दंग करते दिखाई दे रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्सप्रेसवे पर करीब आधे घंटे तक यह खतरनाक खेल चलता रहा। तेज रफ्तार गाड़ियों के बीच किए गए स्टंट से हादसे का खतरा लगातार बना रहा। सबसे हैरानी की बात यह रही कि पूरे एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा कैमरे लगे होने के बावजूद किसी ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की।
जब सभी गाड़ियां वापस टोल प्लाजा पहुंचीं तो कर्मचारियों ने नियम के अनुसार टोल मांगा। आरोप है कि इसी बात पर युवक भड़क गए और बैरियर तोड़कर बिना टोल दिए फरार हो गए। वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Bureaucracy News: कौन हैं IPS विनायक गोपाल भोंसले? जिनकी चेतावनी से कांप उठा मेरठ का गैंगस्टर परिवार
गंगा एक्सप्रेसवे को हाईटेक सुरक्षा सिस्टम से लैस बताया जाता है, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। सवाल उठ रहे हैं कि जब हर किलोमीटर पर कैमरे लगे हैं तो फिर इतने लंबे समय तक खुलेआम स्टंट कैसे चलते रहे।
टोल प्लाजा प्रबंधन ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है। प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गाड़ियों और उनके मालिकों की पहचान की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Meerut
Published : 28 May 2026, 3:52 PM IST
Topics : crime news Ganga Expressway Stunt Video Viral video