
बड़हरा राजा पंचायत में फर्जी बिलों का खेल
Maharajganj: महराजगंज जिले के सदर विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़हरा राजा में विकास कार्यों के नाम पर कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्राम पंचायत में निर्माण सामग्री की आपूर्ति दर्शाकर लाखों रुपये के भुगतान किए जाने पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि बिना किसी ईंट भट्ठे अथवा वैध निर्माण सामग्री आपूर्ति व्यवस्था के फर्जी बिल लगाकर सरकारी धन का बंदरबांट किया गया है।
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों के अनुसार पंचायत में इंटरलॉकिंग सड़क, नाली निर्माण तथा अन्य विकास कार्यों के लिए दुर्गा ट्रेडिंग कम्पनी के नाम से सामग्री आपूर्ति दिखाई गई है। वायरल हो रहे बिलों में ईंट, सीमेंट, बालू, गिट्टी, स्टील, पेंट और टाइल्स जैसी सामग्री का उल्लेख है, जिनके आधार पर हजारों से लेकर लाखों रुपये तक का भुगतान किए जाने का दावा किया जा रहा है।
मामले का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि जिस फर्म के माध्यम से ईंटों की आपूर्ति दिखाई गई है, उसके पास कथित तौर पर कोई ईंट उद्योग या उत्पादन इकाई नहीं है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पंचायत के अभिलेखों में ईंटों की सप्लाई किस आधार पर दर्ज की गई और भुगतान किस प्रक्रिया के तहत स्वीकृत किया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई विकास कार्यों को कागजों पर पूर्ण दिखाकर भुगतान निकाल लिया गया, जबकि मौके पर कार्य या तो अधूरे हैं या फिर उनकी गुणवत्ता बेहद खराब है। लोगों का कहना है कि पंचायत में विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति और भुगतान अभिलेखों का मिलान कराया जाए तो बड़े स्तर पर अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है।
वायरल दस्तावेजों में 13 फरवरी 2026 की तिथि अंकित है, जिसमें ग्राम पंचायत बड़हरा राजा के नाम पर निर्माण सामग्री की आपूर्ति दर्शाई गई है। आरोप है कि सुनियोजित तरीके से बिल तैयार कर सरकारी धन को निजी लाभ के लिए उपयोग किया गया। इस पूरे मामले में ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि संबंधित फर्म के रजिस्ट्रेशन, जीएसटी रिकॉर्ड, बैंक भुगतान, स्टॉक रजिस्टर और मौके पर हुए निर्माण कार्यों की जांच कराई जाए। यदि जांच निष्पक्ष हुई तो पंचायत में हुए कथित घोटाले की परतें खुल सकती हैं।
Location : Maharajganj
Published : 31 May 2026, 6:01 PM IST
Topics : fraud Maharajganj News panchayat Pradhan Secretary