
महराजगंज डीएम संतोष कुमार शर्मा
Maharajganj: जनपद के गौआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा आज सख्त नजर आए। उन्होंने ऑनलाइन मॉनिटरिंग करते हुए मौके पर मौजूद नोडल अधिकारियों से लाइव तस्वीरें मंगवाईं और स्थलीय स्थिति की जानकारी ली।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंश की संख्या, बीमारियों से बचाव हेतु चिकित्सा व्यवस्था, हरे चारे और साइलेज की उपलब्धता, भूसा-चोकर की व्यवस्था, देखभाल करने वाले कर्मचारियों की संख्या व उपस्थिति सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने निर्देश दिया कि गौआश्रय स्थलों पर पंजीकाएं पूरी तरह उपलब्ध हों और उनमें सभी विवरण दर्ज किए जाएं। जिलाधिकारी ने पशु चिकित्साधिकारी को विशेष रूप से निर्देशित किया कि हर गोवंश का उम्र और आने की स्थिति के अनुसार विवरण रखा जाए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि बीडीओ और ईओ एक सप्ताह के भीतर गौशालाओं में सभी प्राथमिक इंतजाम सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि गोवंश की देखभाल में लापरवाही पाए जाने पर ग्राम स्तर से लेकर नोडल अधिकारी तक सभी की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन गोवंश के संरक्षण और संवर्द्धन के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आगे भी आकस्मिक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि न केवल गौशालाओं बल्कि अन्य विकास परियोजनाओं की प्रगति पर भी लगातार नजर रखी जा सके।
Location : Maharajganj
Published : 27 September 2025, 1:12 AM IST
Topics : cow shelters online DM Maharajganj monitors