पहली बारिश में ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी मंडी की बाउंड्री वॉल, भरभरा कर गिरी, मौके पर पहुंचे कई अफसर

महराजगंज के मऊपाकड़ में करोड़ों की लागत से बनी बाउंड्री वॉल गिर गई, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डाइनामाइट न्यूज़ पर पढ़ें पूरी खबर

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 23 June 2025, 6:48 PM IST
google-preferred

महराजगंज: नगर क्षेत्र के मऊपाकड़ में करोड़ों की लागत से निर्माणाधीन मंडी की बाउंड्री वॉल पहली ही बारिश में भरभरा कर गिर गई, जिससे पास के दर्जनों घरों में पानी घुस गया और कई परिवारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस हादसे में वहां मछली पकड़ रहे कई बच्चे बाल-बाल बच गए, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना से नाराज लोगों ने निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का आरोप लगाया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, नगर के मऊपाकड़ क्षेत्र में मंडी निर्माण परिषद द्वारा करीब 30 एकड़ भूमि अधिग्रहित की गई थी, जिसमें से 9 एकड़ भूमि पर मंडी का निर्माण कार्य पिछले लगभग सवा साल से चल रहा है। इस परियोजना पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके दिसम्बर 2025 तक हैंडओवर कर देना है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस बाउंड्री वॉल का हिस्सा सोमवार को हुई पहली ही बारिश में गिर गया, वह दीवार करीब तीन साल पहले ही बनाई गई थी। इसके बावजूद उसका गिर जाना निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

बारिश के कारण गिरी दीवार

बारिश के दौरान जैसे ही दीवार गिरी, उसका मलबा और बारिश का पानी तेज धार बनाकर पास के घरों में घुस गया। घरों के अंदर तक पानी भर गया, जिससे लोगों का बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया। इलाके में गंदगी, कीचड़ और बदबू फैल गई है। इस हादसे के बाद मंडी समिति का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

water entered into houses

घरों में घुसा पानी

मौके पर पहुंचे अधिकारी

घटना की सूचना मिलने पर सदर एसडीएम रमेश कुमार और नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभावित लोगों से बातचीत कर समस्या का जल्द समाधान कराने और दीवार से सटे नाली निर्माण कराने की बात कही है।

स्थानीय निवासियों ने लगाया आरोप

स्थानीय निवासी इमामुद्दीन सिद्दीकी, चंगेज़ खान, वाजिद अली और मकसूद अली ने बताया कि मंडी निर्माण के दौरान ही उन्होंने घटिया सामग्री और लापरवाही की शिकायत अधिकारियों से की थी, लेकिन किसी ने उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया। अब जब दीवार गिर चुकी है और लोगों के घरों में पानी भर गया है, तब भी मंडी समिति के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे हैं।

लोगों ने निर्माण कार्य में घोटाले की जांच की मांग की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपेक्षा जताई है। उनका कहना है कि अगर निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता न हुआ होता, तो यह हादसा नहीं होता। अब तक करोड़ों की लागत से बने मंडी परिसर की साख पर सवाल उठ रहे हैं।

Location :  Maharajganj

Published :  23 June 2025, 12:55 PM IST

Related News

Advertisement