भागी-भागी आई जेठानी, कहा- सासुमां जी! देवरानी ने ये क्या कर लिया, गोरखपुर से महराजगंज तक की पुलिस परेशान

गोरखपुर के बेलघाट थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव में 25 वर्षीय नवविवाहिता अंकिता तिवारी का शव घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 24 February 2026, 7:47 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर जिले के बेलघाट थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मीरपुर स्थित राजस्व ग्राम तिवारीपुर में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक नवविवाहिता का शव उसके ही घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। सुबह की शांति अचानक चीख-पुकार में बदल गई और देखते ही देखते पूरा गांव घर के बाहर जमा हो गया।

क्या है पूरा मामला?

मृतका की पहचान 25 वर्षीय अंकिता तिवारी के रूप में हुई है। करीब एक साल पहले उसकी शादी 28 वर्षीय आदित्य तिवारी से हुई थी। परिवार वालों के मुताबिक, आदित्य तिवारी महराजगंज जिले में शिक्षा विभाग में अध्यापक हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम सब कुछ सामान्य था। अंकिता ने सास, जेठ और जेठानी के बच्चों के साथ बैठकर खाना खाया। इसके बाद सभी लोग अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। अंकिता का कमरा पहली मंजिल पर था।

सबसे पहले जेठानी ने देखा देवरानी का शव

परिजनों का कहना है कि अंकिता रोज सुबह सबसे पहले उठती थी और पूजा के लिए नीचे आती थी, लेकिन मंगलवार को जब काफी देर तक वह नीचे नहीं आई तो घर वालों को चिंता हुई। जेठानी उसे देखने पहली मंजिल पर पहुंचीं। बताया जा रहा है कि कमरे का दरवाजा बंद था, लेकिन अंदर से सिटकनी नहीं लगी थी। जैसे ही दरवाजा खोला गया। अंदर का नजारा देख सबके होश उड़ गए। अंकिता का शव फंदे से लटक रहा था। यह देख जेठानी चीख पड़ीं और घर के बाकी लोग भी दौड़कर मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्या किया?

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। बेलघाट थाना अध्यक्ष विकास नाथ ने कमरे को सुरक्षित कराया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।

पुलिस का क्या कहना है?

थाना अध्यक्ष विकास नाथ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल परिवार में शोक की लहर है और गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 24 February 2026, 7:47 PM IST