सैफई में महिला कांस्टेबल की घर में मिली लाश; एक झगड़े के बाद बदल गई पूरी जिंदगी की कहानी

इटावा के सैफई थाने में तैनात महिला सिपाही प्रियंका की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। शुरुआती जांच में पति से विवाद के बाद सल्फास खाने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रियंका की मौत से पुलिस विभाग और परिवार में शोक का माहौल है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 10 August 2026, 6:14 AM IST

Saifai : सैफई थाने में तैनात महिला सिपाही प्रियंका की मौत से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। 30 साल प्रियंका ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाजार से लौटने में देरी को लेकर पति से विवाद हुआ था, जिसके बाद यह दर्दनाक घटना हुई। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बाजार से लौटने के बाद हुआ था विवाद

2019 बैच की महिला कांस्टेबल प्रियंका मूल रूप से सहारनपुर की रहने वाली थी। वह अपने पति रजत और डेढ़ साल की बेटी के साथ पुलिस लाइन में रह रही थी। जानकारी के मुताबिक रविवार को प्रियंका किसी काम से बाजार गई थी। घर लौटने में कुछ देर हो गई, जिसको लेकर पति से उसका विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद पति घर से बाहर चला गया। करीब एक घंटे बाद जब वह वापस लौटा तो प्रियंका घर में अचेत हालत में पड़ी मिली।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

प्रियंका की हालत देखकर पति ने तुरंत पड़ोसियों की मदद ली और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे सैफई स्थित आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय रेफर कर दिया।

फिरोजाबाद में इटावा SOG की बड़ी कार्रवाई, स्कूल में घुसे दो शातिर डकैत पुलिस मुठभेड़ में ढेर

सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में डॉक्टरों ने महिला सिपाही का इलाज शुरू किया, लेकिन देर रात उसकी हालत बिगड़ती गई और उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई।

सल्फास खाने की बात आई सामने

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार पति से विवाद के बाद महिला सिपाही द्वारा सल्फास खाने की बात सामने आई है। जहरीला पदार्थ खाने से उसकी तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटना से जुड़े तथ्यों, पारिवारिक विवाद और अन्य परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।

डेढ़ साल की बच्ची के सिर से उठा मां का साया

प्रियंका की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। सबसे बड़ा झटका उसकी डेढ़ साल की बेटी को लगा है, जिसने इतनी कम उम्र में अपनी मां को खो दिया। वहीं पुलिस विभाग में भी साथी महिला सिपाही की मौत से शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Location :  Etawah

Published :  10 August 2026, 5:30 AM IST