1962 की जंग में शहीद हुए सुलतानपुर के 3 वीर सपूत, छह दशक बाद परिवारों को मिलेगा सम्मान

अब 64 साल बाद इन शहीदों को पहचान और उनके परिवारों को सम्मान मिलने जा रहा है। रेजांगला मोर्चे पर मेजर शैतान सिंह भाटी के नेतृत्व में 13 कुमाऊं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी के 120 जवानों ने चीनी सेना का बहादुरी से मुकाबला किया था।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 16 November 2026, 7:46 PM IST

Sultanpur: देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों की शौर्यगाथा इतिहास में अमर है, लेकिन विडंबना यह रही कि 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला के मोर्चे पर शहीद हुए सुलतानपुर के तीन वीर सपूतों का बलिदान छह दशक से अधिक समय तक स्थानीय स्तर पर गुमनाम बना रहा। अब 64 साल बाद इन शहीदों को पहचान और उनके परिवारों को सम्मान मिलने जा रहा है।

शौर्यगाथा पर आधारित फिल्म '120 बहादुर'

18 नवंबर 1962 को लद्दाख के रेजांगला मोर्चे पर मेजर शैतान सिंह भाटी के नेतृत्व में 13 कुमाऊं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी के 120 जवानों ने चीनी सेना का बहादुरी से मुकाबला किया था। भीषण युद्ध में 114 भारतीय सैनिक वीरगति को प्राप्त हुए। इन अमर बलिदानियों में सुलतानपुर के तीन जवान भी शामिल थे। मेजर शैतान सिंह को मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था। इसी ऐतिहासिक शौर्यगाथा पर आधारित फिल्म '120 बहादुर' ने भी इस युद्ध को देशभर में चर्चा का विषय बनाया है।

Hathras: छत पर खड़े होकर देख रहा था कार्यक्रम, अचानक लगा ऐसा करंट कि झुलस गया मासूम

सुलतानपुर के इन तीन वीर सैनिकों के नाम शीतला प्रसाद यादव, सत्यदेव यादव और चंद्रपति यादव हैं। युद्ध में शहादत के बाद इनके परिवारों को वह सार्वजनिक पहचान और सम्मान नहीं मिल सका, जिसके वे हकदार थे। न तो परिजनों को सार्वजनिक आयोजनों में आमंत्रित किया गया और न ही जिले में इनकी शौर्यगाथा को व्यापक स्तर पर सामने लाया गया।

अब इस विस्मृत इतिहास को सामने लाने की पहल हुई है। पेशे से शिक्षक एवं रेजांगला शौर्य दिवस आयोजन समिति के संस्थापक संतोष यादव तथा समिति के संयोजक और अटेवा जिलाध्यक्ष मंजीत यादव ने अभिलेखों की खोजबीन कर तीनों शहीदों के नाम, पिता के नाम और उनके गांवों की पहचान जुटाई। इस प्रयास से शहीद परिवारों तक पहुंचने का रास्ता खुला है।

Hathras: छत पर खड़े होकर देख रहा था कार्यक्रम, अचानक लगा ऐसा करंट कि झुलस गया मासूम

आयोजन समिति की ओर से 18 नवंबर 2026 को रामनरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित रेजांगला शौर्य दिवस समारोह में पहली बार इन तीनों शहीद सैनिकों के परिजनों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। परिजनों के लिए यह अवसर भावुक करने वाला है। उन्हें पहली बार महसूस होगा कि देश की रक्षा में उनके पुरखों के सर्वोच्च बलिदान को जिले का समाज भी सम्मान और गौरव के साथ याद कर रहा है।

सुलतानपुर के तीन अमर बलिदानी

1. शीतला प्रसाद यादव – ग्राम बड़नपुर, कुड़वार,सुलतानपुर। पहचान कार्ड संख्या: 4141367

2. सत्यदेव यादव – ग्राम हीरा सोनार का पुरवा, सुलतानपुर(वर्तमान अमेठी)। पहचान कार्ड संख्या: 4146077

3. चंद्रपति यादव – ग्राम भटौता, तुलसीपट्टी, करौंदीकला, सुलतानपुर। पहचान कार्ड संख्या: 4144229

रेजांगला शौर्य दिवस का यह आयोजन महज एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि जिले की ऐतिहासिक स्मृति को पुनर्जीवित करने की पहल है। छह दशक से अधिक समय बाद इन वीर सपूतों को सार्वजनिक सम्मान मिलना उन परिवारों के लिए गौरव का क्षण होगा, जिन्होंने पीढ़ियों तक अपने पुरखों की शहादत की स्मृतियों को संजोकर रखा।

Location :  Sultanpur

Published :  16 November 2026, 7:46 PM IST