सुलतानपुर में दिनदहाड़े गोलीकांड का बड़ा खुलासा, आरोपियों ने पुलिस के सामने खोले कई राज

सुलतानपुर के बरौसा चौराहे पर दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। जांच के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई देशी पिस्टल भी बरामद की गई है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 26 August 2026, 6:14 AM IST

Sultanpur: जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के बरौसा चौराहे स्थित कंपोजिट शराब की दुकान पर पैसों के लेन-देन को लेकर सेल्समैन पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की देशी पिस्टल और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। दोनों आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, 24/25 अगस्त की रात बरौसा चौराहे स्थित कंपोजिट शराब की दुकान पर पैसों के लेन-देन को लेकर सेल्समैन शिवम जायसवाल पुत्र राजू जायसवाल, निवासी अलीनगर, थाना जरवल, जनपद बहराइच के ऊपर फायरिंग की गई थी। घटना के संबंध में थाना जयसिंहपुर में मुकदमा अपराध संख्या 276/26, धारा 109 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल बरामद

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मंगलवार को करीब 2:14 बजे पतुरियो मोड़ स्थित सरकारी ट्यूबेल के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित मिश्रा पुत्र विपिन मिश्रा उर्फ बब्बा उर्फ बब्बन मिश्रा, निवासी नानेमऊ, थाना मोतिगरपुर, सुलतानपुर और धीरेन्द्र यादव उर्फ धीरू पुत्र सियाराम यादव, निवासी पचगवा, थाना हैदरगंज, जनपद अयोध्या के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल 32 बोर तथा एक खोखा कारतूस 32 बोर बरामद किया है।

आरोपियों का आपराधिक रिकार्ड

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अंकित मिश्रा का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ सुलतानपुर के विभिन्न थानों में मारपीट, धमकी, हत्या के प्रयास, अपहरण, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

इनमें वर्ष 2022 का कोतवाली नगर का हत्या के प्रयास का मामला, आर्म्स एक्ट का मुकदमा तथा मोतिगरपुर थाने में गैंगस्टर एक्ट का मामला भी शामिल है। इसके अलावा वर्ष 2023, 2025 और 2026 में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

वहीं दूसरे आरोपी धीरेन्द्र यादव के खिलाफ भी सुलतानपुर के मोतिगरपुर और कोतवाली देहात थाने में मारपीट, एससी/एसटी एक्ट, अपहरण, हत्या और हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

सुलतानपुर में कानून को चुनौती, अवैध खनन के आरोपी दबंगों ने किया बड़ा कारनामा

पुलिस की कार्रवाई

क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बरौसा चौराहे पर शराब की दुकान के सेल्समैन पर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से फायरिंग में प्रयुक्त पिस्टल और खोखा कारतूस बरामद हुआ है। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

सुलतानपुर में नल छूते ही लगा करंट, पति को बचाने दौड़ी पत्नी भी आई चपेट में… फिर हुआ दर्दनाक हादसा

गिरफ्तारी पुलिस

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विवेक कुमार राय, गुलाब चन्द्र पाल, नफीसउद्दीन खां, हेड कांस्टेबल राहुल शर्मा तथा कांस्टेबल अभिषेक प्रताप सिंह और देवेन्द्र कुमार शामिल रहे।

Location :  Sultanpur

Published :  26 August 2026, 6:10 AM IST