
बच्चों को खिलाई एल्बेंडाजोल की गोली (Img: Dynamite News)
Sultanpur: बच्चों को पेट के कीड़ों से बचाने और उन्हें स्वस्थ रखने के लिए सुलतानपुर में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान की शुरुआत हो गई है। सोमवार को जीडी गोयनका स्कूल, सुलतानपुर कैंपस में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को एल्बेंडाजोल की डिवर्मिंग टैबलेट खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान बच्चों को साफ-सफाई और संक्रमण से बचाव के जरूरी उपाय भी बताए गए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस अभियान के तहत जिले में 11,20,828 बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। इसके लिए जिले के 3,521 विद्यालयों और 2,511 आंगनबाड़ी केंद्रों को अभियान से जोड़ा गया है। अभियान में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को शामिल किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी और उप जिला विद्यालय निरीक्षक ने बच्चों को कृमि संक्रमण से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पेट में कीड़ों का संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य और उनके सामान्य विकास पर असर डाल सकता है। इससे बचाव के लिए बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों और स्कूलों की भूमिका भी बेहद जरूरी है।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को मंच पर एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई। इस दौरान बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ पानी पीने और आसपास साफ-सफाई रखने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि अभियान को केवल एक दिन तक सीमित न रखते हुए साफ-सफाई की आदत को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाना जरूरी है। विद्यालय, परिवार और स्वास्थ्य विभाग मिलकर बच्चों को संक्रमण से बचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
ये भी पढ़ें- Muzaffarnagar: कांवड़ मार्ग पर पानी का पहरा, लेकिन नहीं थमे कदम! जानिए जलभराव के बीच कैसे जारी है कांवड़ यात्रा
कार्यक्रम की थीम “स्वस्थ बचपन-उज्ज्वल भविष्य” और “छोटा कदम, बड़ा स्वास्थ्य लाभ” रखी गई। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के ACMO, डिप्टी सीएमओ, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (DIO), जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM), डीसीपीएम, डीएमएचसी, DEIC, FPLMIS, MOIC, BPM और BCPM समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
Location : Maharajganj
Published : 10 August 2026, 8:17 PM IST