सुल्तानपुर डीएम का सख्त अंदाज: समाधान दिवस पर हुए जनता से रूबरू, अफसरों से कहा- किसी को कष्ट हुआ तो आपकी खैर नहीं

सुल्तानपुर के बल्दीराय तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने अधिकारियों को जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर सख्त निर्देश दिए है। डीएम ने कहा कि शिकायतों का समाधान सिर्फ कागजों पर नहीं बल्कि मौके पर वास्तविक रूप से होना चाहिए। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 17 August 2026, 5:40 PM IST

Sultanpur: सुल्तानपुर में जनता की शिकायतों को लेकर प्रशासन का रुख सख्त नजर आया। बल्दीराय तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनी। डीएम ने साफ कहा कि आम लोगों की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निपटारा केवल रिपोर्ट तैयार करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि फरियादी को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

फरियादियों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए आदेश

सम्पूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। इस दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, चकबंदी, आपूर्ति समेत कई विभागों से जुड़ी समस्याएं सामने आई। जिलाधिकारी ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके की स्थिति की जांच कर निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार तहसील और जिला स्तर पर आने वाली जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए। किसी भी मामले को बेवजह लंबित रखना या सिर्फ औपचारिक कार्रवाई करना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

लापरवाही मिली तो तय होगी जिम्मेदारी

डीएम इंद्रजीत सिंह ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जनता को राहत पहुंचाना है। इसलिए अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लें और यह सुनिश्चित करें कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

विकास योजनाओं से जुड़ी शिकायतों पर भी फोकस

मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतों का तेजी से समाधान किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और सभी विभागों को सक्रियता के साथ काम करने के निर्देश दिए, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंच सके।

अधिकारियों को सौंपे गए शिकायतों के प्रकरण

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को भेज दिया गया है। अधिकारियों ने शिकायतों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उसकी प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार निगरानी की जाएगी।

Location :  Sultanpur

Published :  17 August 2026, 3:18 PM IST