
कोहरे में सड़क हादसे रोकने के लिए सुलतानपुर DM सख्त (Image Source: Dynamite News)
Sultanpur: सर्दी के साथ कोहरे की शुरुआत को देखते हुए सुलतानपुर के जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट को दुरुस्त कराने, सड़कों पर रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाने के साथ पेट्रोलिंग व्यवस्था मजबूत करने को कहा है। ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक, डंपर, ई-रिक्शा और स्कूली वाहनों में मानक के अनुसार रिफ्लेक्टिव टेप और फॉग लाइट लगवाने के निर्देश भी दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।
19 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
डीएम ने दुर्घटना संभावित स्थलों पर झाड़ियों की कटाई कराने और सड़कों पर सफेद पट्टियों की पेंटिंग सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा जेब्रा क्रॉसिंग, कैट्स आई, रंबल स्ट्रिप्स और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जोर दिया कि सड़क सुरक्षा से जुड़ी बुनियादी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए, ताकि कोहरे और कम दृश्यता के दौरान वाहन चालकों को सड़क की स्थिति समझने में परेशानी न हो।
ये भी पढ़े: यूपी में तबादलों का दौर जारी; एसपी ने चलाया हंटर, सुलतानपुर में 37 दरोगा इधर से उधर
ब्लैक स्पॉट दुरुस्त करने के निर्देश (Image Source: Dynamite News)
कोहरे के दौरान हादसों को रोकने के लिए जिलाधिकारी ने संवेदनशील मार्गों पर गति सीमा का कड़ाई से पालन कराने को कहा। इसके लिए स्पीड रडार और इंटरसेप्टर के माध्यम से निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। एआरटीओ और यातायात पुलिस को ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक, डंपर, ई-रिक्शा और स्कूली वाहनों में मानक के अनुरूप रिफ्लेक्टिव टेप और फॉग लाइट लगवाने को कहा गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम ने हाईवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटवाने तथा सड़क की पटरियों से अतिक्रमण और निर्माण सामग्री हटाने को कहा। उन्होंने एक्सप्रेसवे के सभी कटों की जांच कराने, खराब लाइटों की मरम्मत और साइनेज दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए। इन व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने पीआरवी-112 और हाईवे पेट्रोलिंग टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही टोल प्लाजा और प्रमुख स्थानों पर एंबुलेंस तथा क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि दुर्घटना होने पर तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
ये भी पढ़े: UP News: सुलतानपुर में डग्गामार वाहनों के खिलाफ पुलिस का एक्शन, 16 गाड़ियां सीज
कोहरे को लेकर अलर्ट (Image Source: Dynamite News)
वाहन चालकों को कोहरे में सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के प्रति जागरूक करने के लिए टोल प्लाजा और प्रमुख चौराहों पर डिजिटल बोर्ड और पब्लिक एड्रेस सिस्टम का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। इनके माध्यम से वाहन चालकों को धीमी गति से चलने, फॉग लाइट और इंडिकेटर का इस्तेमाल करने तथा वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने की जानकारी दी जाएगी।
बैठक में एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, यूपीडा और नगर पालिका के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा से जुड़ी कमियां प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने को कहा गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Location : Sultanpur
Published : 19 November 2026, 6:12 PM IST
Topics : Black Spot Road Safety Road Accident Prevention sultanpur news traffic rules Winter Fog Safety