‘पापा वापस आ जाओ…’ 5 मासूमों के सिर से उठा साया, सुल्तानपुर में लाइन ठीक करने गए युवक की दर्दनाक मौत

सुल्तानपुर के बंधुआकलां क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट की लाइन ठीक करते समय करंट लगने से संविदा लाइनमैन जफर अब्बास की मौत हो गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 August 2026, 11:39 AM IST

Sultanpur: सुल्तानपुर जिले में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और विद्युत लाइनों पर काम करने वाले संविदाकर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। रविवार रात करीब 9:30 बजे बंधुआकलां क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की खराबी ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आने से संविदा लाइनमैन जफर अब्बास (45) की मौत हो गई। अगस्त माह में जिले में लाइन ठीक करने के दौरान करंट लगने से यह तीसरी मौत बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि जफर अब्बास असरोगा पावर हाउस पर संविदा लाइनमैन के रूप में कार्यरत थे। रविवार रात बंधुआकलां बाजार स्थित बब्बू मार्केट के पीछे 11 हजार वोल्ट की लाइन में खराबी आ गई थी। आरोप है कि विभागीय निर्देश पर जफर अब्बास विद्युत पोल पर चढ़कर फाल्ट ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो गया। करंट की चपेट में आने से वह पोल से नीचे गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

ये भी पढ़ें - Sultanpur News: भाजपा सभासद के ज्येष्ठ 45 वर्षीय रामानंद कोरी ने उठाया खौफनाक कदम, घर में फांसी लगाकर दी जान

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। बंधुआकलां थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने भी मौके का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पत्नी और पांच बच्चों को छोड़ गए जफर

जफर अब्बास की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियों और तीन बेटों समेत पांच बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है।

अगस्त में अखंडनगर और लंभुआ में भी हो चुकी हैं मौतें

विद्युत लाइन पर काम करने के दौरान करंट लगने की यह अगस्त माह में जिले की तीसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले अखंडनगर थाना क्षेत्र के अलीपुर उपकेंद्र और लंभुआ उपकेंद्र क्षेत्र में भी लाइन ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से दो लाइनमैनों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे हादसों से संविदा लाइनमैनों में भय का माहौल है।

आपूर्ति बहाल होने को लेकर उठ रहे सवाल

लगातार हो रहे हादसों के बीच सबसे बड़ा सवाल विद्युत आपूर्ति बंद किए जाने और लाइन पर काम करने की सुरक्षा प्रक्रिया को लेकर उठ रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि कई बार फाल्ट ठीक करने के दौरान बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू हो जाने से गंभीर हादसे हो जाते हैं। वहीं विद्युत अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश मामलों में संविदाकर्मी शटडाउन की निर्धारित अनुमति लिए बिना ही फाल्ट ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ जाते हैं। इसकी जानकारी उपकेंद्र प्रभारी को नहीं होती और इसी वजह से आपूर्ति बहाल होने पर हादसे की आशंका बढ़ जाती है।

ये भी पढ़ें - Encounter in Sultanpur: दिनदहाड़े बड़े कांड की फिराक में थे बदमाश, पुलिस ने घेराबंदी कर एक को मारी गोली; तीन गिरफ्तार

अधिकारियों के अनुसार, बंधुआकलां की घटना समेत सभी मामलों की जांच कराई जा रही है। जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारी घटना के कारणों की पड़ताल में जुटे हैं।

Location :  Sultanpur

Published :  24 August 2026, 11:39 AM IST