“30-30 करवा दो…” जिसको लगी गोली, दरोगा साहब उसी से मांगे पैसे, वीडियो वायरल हुई तो…

आगरा में गोलीकांड के मामले में कार्रवाई के नाम पर रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए एक दरोगा का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी दरोगा धीरेंद्र यादव को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच ACP फतेहाबाद को सौंपी गई है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 26 August 2026, 2:10 PM IST

Agra News: आगरा में पुलिस विभाग से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां एक दरोगा पर गोलीकांड की जांच में कार्रवाई करने के बदले रुपये मांगने के आरोप लगे हैं। मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें कथित तौर पर दरोगा और एक व्यक्ति के बीच पैसों को लेकर बातचीत सुनाई दे रही है। ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी दरोगा धीरेंद्र यादव को निलंबित कर दिया गया है।

वायरल ऑडियो में रुपये की बातचीत

वायरल ऑडियो में एक व्यक्ति और दरोगा के बीच व्हाट्सएप कॉल पर बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। बातचीत के दौरान व्यक्ति दरोगा से मामले में मदद करने की बात करता है। इसी दौरान कथित रूप से दरोगा की ओर से रुपये की मांग की जाती है। ऑडियो में कथित दरोगा कहते सुनाई दे रहे हैं, "30 करवा दो..." जिस पर व्यक्ति पूछता है कि कितने। जवाब में कहा जाता है, "30-30।" व्यक्ति फिर पूछता है कि अकेले के लिए या सबके मिलाकर। इस पर कथित दरोगा कहते हैं, "नहीं, सबके नहीं, सबका ठेका थोड़ी ले रखा है। तुम्हारा बता दिया।" हालांकि वायरल ऑडियो की पुष्टि अभी आधिकारिक रूप से नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

गोलीकांड मामले से जुड़ा है विवाद

जानकारी के मुताबिक, यह मामला 14 अगस्त को गांव कुतुकपुर गोला के पास हुई फायरिंग की घटना से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद गोलियां चली थीं। इस घटना में धौलपुर के राजाखेड़ा क्षेत्र के गांव डेरावली निवासी जितेंद्र को गोली लगी थी। घायल पक्ष की ओर से मामले में 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। वायरल ऑडियो में जिस व्यक्ति की आवाज होने का दावा किया जा रहा है, वह घायल पक्ष का परिचित योगेंद्र बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद था।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

ऑडियो में कथित रूप से दरोगा पीड़ित पक्ष के खिलाफ भी कार्रवाई की बात करते सुनाई दे रहे हैं। इसी बातचीत के दौरान रुपये की चर्चा होने का आरोप लगाया गया है।DCP पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में गोलीकांड के मामले में दरोगा पर आरोप लगाए गए हैं। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच ACP फतेहाबाद को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Agra

Published :  26 August 2026, 2:10 PM IST