हिंदी
बांदा में चला वाहन चेकिंग अभियान
Banda: होली के रंगों से पहले सड़कों पर सख्ती का रंग दिखा। जनपद बांदा में त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस की कड़ी चेकिंग से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। नियम तोड़ने वालों को मौके पर ही रोका गया और सख्त चेतावनी दी गई।
एसपी के निर्देश पर चला अभियान
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में 02 मार्च 2026 को शहर क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी यातायात प्रतिज्ञा सिंह ने किया। होली पर्व के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो और यातायात सुचारु बना रहे, इसी उद्देश्य से शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों और मुख्य चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा।
इन नियमों पर रही खास नजर
अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले, सीट बेल्ट न लगाने वाले, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी गई। इसके अलावा ओवरलोडिंग, ट्रिपल राइडिंग, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन और ओवरस्पीडिंग जैसे मामलों की भी सख्ती से जांच की गई। कई वाहन चालकों को रोककर कागजात चेक किए गए और यातायात नियमों की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने सिर्फ कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि लोगों को जागरूक भी किया। वाहन चालकों को समझाया गया कि त्योहार की खुशी किसी लापरवाही की वजह से मातम में न बदल जाए, इसलिए नियमों का पालन बेहद जरूरी है।
ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को भी चेतावनी
जनपद में बढ़ती चोरी और टप्पेबाजी की घटनाओं को देखते हुए ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को भी विशेष रूप से जागरूक किया गया। उन्हें अपने वाहनों का सत्यापन कराने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं, इसलिए सतर्क रहना जरूरी है।
आमजन से अपील
क्षेत्राधिकारी यातायात ने शहरवासियों से अपील की है कि होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाएं। शराब पीकर वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। साफ संदेश दिया गया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Banda
Published : 3 March 2026, 2:13 AM IST
Topics : banda news Banda Police Holi 2026 UP News