हिंदी
पीपीगंज थाने में एसएसपी ने किया निरीक्षण (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने शनिवार को थाना पीपीगंज का औचक निरीक्षण किया। एसएसपी के अचानक थाने पहुंचने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, जनसुनवाई प्रणाली, अभिलेखों और अपराध नियंत्रण की तैयारियों का गहन परीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण की शुरुआत जनसुनवाई डेस्क से हुई, जहां एसएसपी ने फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को अनावश्यक भटकना न पड़े। इसके बाद उन्होंने महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
ये भी पढ़ें- Maharajganj: स्वच्छता कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन, संतोष शुक्ला बने जिला अध्यक्ष
एसएसपी ने सीसीटीएनएस कक्ष का भी निरीक्षण किया और अभिलेखों के डिजिटलीकरण, ऑनलाइन प्रविष्टियों और रिकॉर्ड के नियमित अपडेट की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए रिकॉर्ड संधारण में किसी भी प्रकार की त्रुटि स्वीकार नहीं की जाएगी। मिशन शक्ति केंद्र का अवलोकन करते हुए उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा एवं जागरूकता संबंधी अभियानों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
थाना परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, आगंतुकों के बैठने की सुविधा और कार्यालयी अभिलेखों की स्थिति का भी उन्होंने बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित थाना आमजन के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि बनाता है, इसलिए परिसर की व्यवस्थाएं हमेशा बेहतर रहनी चाहिए।
ये भी पढ़ें- सिर्फ एक शक ने मचा दिया खूनी बवाल… मोबाइल चोरी की पूछताछ के बाद जो हुआ, उसने सबको चौंका दिया
निरीक्षण के दौरान लंबित विवेचनाओं, क्षेत्र में अपराध की स्थिति और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी तेज करने और हिस्ट्रीशीटरों पर प्रभावी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल प्रभाव से अंकुश लगाया जाए। निरीक्षण के अंत में एसएसपी ने थाना प्रभारी एवं समस्त पुलिसकर्मियों को ईमानदारी, अनुशासन और जवाबदेही के साथ कार्य करने की हिदायत दी। उनके दौरे के बाद थाना परिसर में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की कवायद तेज हो गई। इस दौरान थाना प्रभारी पीपीगंज सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 1 August 2026, 8:35 PM IST
Topics : Gorakhpur News Gorakhpur Police SSP Inspection