हाथरस में यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार डबल डेकर बस ने ईको वैन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी समेत 6 लोगों की मौत हो गई और 7 लोग घायल हैं। सभी होली मनाने घर जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसा
Hathras: यूपी के हाथरस में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने होली की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार डबल डेकर बस ने चलती ईको वैन को पीछे से ऐसी टक्कर मारी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। पति-पत्नी समेत 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 7 लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
ओवरटेक की कोशिश बनी जानलेवा
हादसा सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 141 पर तड़के करीब 4:15 बजे हुआ। निजी डबल डेकर बस दिल्ली से गोरखपुर जा रही थी। जबकि ईको वैन दिल्ली से राजस्थान के धौलपुर की ओर बढ़ रही थी। वैन में 13 लोग सवार थे और सभी होली मनाने अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बस चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की और तेज रफ्तार में बेकाबू होकर वैन को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन करीब 10 फीट दूर उछलकर गिरी और उसका पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि बस में सवार यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
ब्रिटेन से क्यों खफा हैं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, कहा- ब्रिटेन ने यह अच्छा नहीं किया
आगरा और धौलपुर के थे मृतक
इस हादसे में आगरा और राजस्थान के धौलपुर के रहने वाले 6 लोगों की जान चली गई। मृतकों में विजय (27), उनकी पत्नी पिंकी (26) और नाथू देवी (35) आगरा के शमशाबाद क्षेत्र के निवासी थे। वहीं दिनेश (55), उनकी पत्नी सुनीता (51) और लोकेश (35) धौलपुर के राजाखेड़ा इलाके के रहने वाले थे। सभी अपने परिवार के साथ होली मनाने घर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मौत ने उन्हें घेर लिया।
कई बच्चे भी घायल
हादसे में ईको चालक वीरेंद्र समेत मनोज, आर्यन (8), अंशु (6), लक्ष्य (1), प्राची (3) और पूनम (15) घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत खंदौली सीएचसी ले जाया गया, जहां से तीन को आगरा रेफर कर दिया गया। मृतक दिनेश के भाई संजू ने बताया कि दिनेश नोएडा के सेक्टर 41 में मिठाई की दुकान चलाते थे और त्योहार मनाने गांव लौट रहे थे। उनके बच्चे भी घायल हैं।
होली शराब पीने वालों के लिए खुशखबरी: दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, कल दुकानें रहेंगी खुली?
जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना बताया जा रहा है। बस चालक से पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।