
गोरखपुर में पुलिस अफसरों के लिए विशेष प्रशिक्षण शुूरू
Gorakhpur: डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने और जांच प्रक्रिया को और अधिक तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी), गोरखपुर के साइबर फॉरेंसिक रिसर्च सेंटर द्वारा एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है।
विश्वविद्यालय एवं गोरखपुर जोन पुलिस के मध्य हुए एमओयू के अंतर्गत तथा साइंट टेक्नोलॉजीज़, नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 1 जून से 5 जून 2026 तक चलेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार एस. तथा साइबर कमांडो उपनिरीक्षक उपेन्द्र कुमार सिंह ने किया। उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि साइबर अपराधों का स्वरूप लगातार बदल रहा है, ऐसे में पुलिस अधिकारियों का आधुनिक तकनीकों से प्रशिक्षित होना समय की आवश्यकता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय बैच में बहराइच, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और श्रावस्ती सहित सात जनपदों के कुल 24 पुलिस अधिकारी प्रतिभाग कर रहे हैं। इन अधिकारियों को साइबर अपराधों की जांच और डिजिटल साक्ष्यों के संग्रहण एवं विश्लेषण से संबंधित अत्याधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
Gorakhpur News: गोरखपुर में पुरानी दुश्मनी का खौफनाक अंजाम, ये मिली सजा
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मोबाइल फॉरेंसिक्स, कंप्यूटर फॉरेंसिक्स, नेटवर्क फॉरेंसिक्स, वीडियो एवं ऑडियो फॉरेंसिक्स, ड्रोन फॉरेंसिक्स, वॉयस एनालिटिक्स, स्टेगनोग्राफी, पासवर्ड रिकवरी तथा डिजिटल एविडेंस एनालिसिस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
साथ ही वास्तविक मामलों के अध्ययन और तकनीकी उपकरणों के प्रयोग के माध्यम से पुलिस अधिकारियों की जांच क्षमता को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा।
गोरखपुर में महिला से छेड़खानी करनी पड़ी भारी, मनचले भी रखेंगे याद
विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम साइबर अपराधों की रोकथाम, त्वरित जांच और दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। एमएमएमयूटी और गोरखपुर जोन पुलिस की यह संयुक्त पहल प्रदेश में साइबर सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 2 June 2026, 12:07 AM IST