
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी की देर रात तक चली क्राइम मीटिंग (IMG: Dynamite News)
Maharajganj News: महराजगंज में अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस अधिकारियों के साथ देर रात तक मंथन किया। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में सैनिक सम्मेलन और मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित हुई। इसमें लंबित विवेचनाओं से लेकर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी, यूपी-112 के रिस्पांस टाइम और जनशिकायतों के निस्तारण तक की समीक्षा की गई। एसपी ने साफ कर दिया कि अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में थानेवार पुलिसिंग की समीक्षा की गई। लंबित विवेचनाओं, अनावरण से बचे अभियोगों, वांछित और पुरस्कार घोषित अपराधियों के साथ वारंटियों की गिरफ्तारी की स्थिति पर अधिकारियों से जानकारी ली गई। इसके अलावा अपहृत और गुमशुदा लोगों की बरामदगी को लेकर भी समीक्षा हुई। एसपी ने निर्देश दिया कि लंबित मामलों को अनावश्यक रूप से लटकाया न जाए। विवेचनाओं में तेजी लाते हुए प्रत्येक मामले का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
क्राइम मीटिंग में पुलिस की तकनीकी और अभियोजन संबंधी कार्रवाई की भी समीक्षा हुई। एसपी ने ई-साक्ष्य, एसआईडी, ऑपरेशन क्लीन और ऑपरेशन कन्विक्शन से जुड़े कार्यों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि मजबूत विवेचना और प्रभावी अभियोजन के जरिए अपराधियों को कानून के दायरे में लाना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
भारत-नेपाल सीमा को लेकर एसपी ने पुलिस अधिकारियों को खास तौर पर अलर्ट किया। पशु तस्करी और अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आभूषण की दुकानों, होटलों और संदिग्ध प्रतिष्ठानों की नियमित चेकिंग करने को कहा गया।
एसपी ने आईजीआरएस, जनसुनवाई और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से आने वाली शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया। गंभीर मामलों में थानाध्यक्षों को खुद जांच कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए। यूपी-112 की पीआरवी के रिस्पांस टाइम की समीक्षा करते हुए सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों को समय से घटनास्थल पर पहुंचने और प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। सभी थानों में लगे CCTV कैमरों को दुरुस्त और क्रियाशील रखने के निर्देश भी दिए गए।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत दी। महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति केंद्र को मजबूत करने और POCSO मामलों में तय गाइडलाइन के अनुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता और यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस को अलर्ट किया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ समेत सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 16 September 2026, 12:41 AM IST
Topics : Crime Meeting Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) maharajganj police maharajganj sp SP Shakti Mohan Awasthi