
4-4 लाख की सहायता राशि फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद में बीते दिनों तेज आंधी और हल्की बारिश के दौरान हुई दुःखद घटनाओं में मृत व्यक्तियों के परिजनों को तत्काल राहत पहुंचाते हुए जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया है।
परिजनों के खातों में 4-4 लाख रुपये
जिलाधिकारी चर्चित गौर के निर्देश पर राज्य आपदा मोचक निधि से मृतकों के परिजनों के खातों में 4-4 लाख रुपये की अहेतुक सहायता राशि भेजने की कार्यवाही युद्धस्तर पर पूरी कराई गई। जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया था कि आंधी और बारिश से हुई जनहानि के मामलों में पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर तत्काल पूर्ण कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को जल्द राहत मिल सके।
पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी
निर्देश के क्रम में उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज ने दुर्घटना में मृत महेंद्र के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और शासन की ओर से हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। वहीं उप जिलाधिकारी ओबरा ने मृतका कमलावती पत्नी रामनरेश चेरो निवासी ग्राम हर्रा के मामले में विशेष संवेदनशीलता दिखाते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई। मृतका के पति का बैंक खाता पहले से न होने पर तत्काल नया खाता खुलवाकर सहायता राशि भेजने की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
आंधी और बारिश से मृत व्यक्तियों में महेंद्र पुत्र कल्लू (33 वर्ष) निवासी ग्राम खडुई तहसील रॉबर्ट्सगंज, रामविलास पुत्र रामजनम (55 वर्ष) निवासी ग्राम डोमरिया तहसील रॉबर्ट्सगंज तथा कमलावती पत्नी रामनरेश चेरो (40 वर्ष) निवासी ग्राम हर्रा तहसील ओबरा शामिल हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन द्वारा त्वरित गति से राहत सहायता उपलब्ध कराए जाने की आमजन सराहना कर रहे हैं। शासन की मंशा के अनुरूप पूरी कार्रवाई संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ संपन्न कराई गई।
Location : Sonbhadra
Published : 14 May 2026, 8:10 PM IST
Topics : Latest News sonbhadra news UP News Weather News