सोनभद्र में जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, छोटे ने बड़े भाई पर किया हमला

सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र में जमीन बंटवारे को लेकर बड़े भाई पर उसके छोटे भाई, पत्नी और बेटे ने हमला कर दिया। लोहे की रॉड और लकड़ी से हुए हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो वायरल है, जिसे पीड़ित की नाबालिग बेटी ने रिकॉर्ड किया। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 15 April 2026, 5:29 PM IST

Sonbhadra: सोनभद्र में पारिवारिक रिश्तों की मर्यादा एक बार फिर तार-तार हो गई। जमीन बंटवारे का पुराना विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने अपनी पत्नी और बेटे के साथ मिलकर बड़े भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच सड़क पर हुई इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है, जबकि पूरा मामला वीडियो में कैद होकर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

जमीन विवाद ने बिगाड़ा परिवार का माहौल

यह घटना सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी बाजार की है। यहां रहने वाले श्रीकांत शर्मा और उनके छोटे भाई रमाकांत शर्मा के बीच लंबे समय से जमीन और मकान के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी और झड़प हो चुकी थी, लेकिन इस बार मामला हिंसा तक पहुंच गया।

सुबह 10 बजे अचानक भड़की हिंसा

बुधवार सुबह करीब 10 बजे विवाद अचानक बढ़ गया। आरोप है कि छोटे भाई रमाकांत शर्मा, उसकी पत्नी सोनी और बेटे अमन ने मिलकर श्रीकांत शर्मा पर हमला कर दिया।
हमले में लोहे की रॉड और लकड़ी के डंडों का इस्तेमाल किया गया, जिससे श्रीकांत शर्मा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

नाबालिग बेटी ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल

इस पूरी घटना का वीडियो पीड़ित की नाबालिग बेटी ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हमले की पूरी वारदात साफ देखी जा सकती है। घटना के बाद बेटी ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर अपने पिता को Medical College Lohiya में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू

चोपन थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों रमाकांत शर्मा, सोनी और अमन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज को भी सबूत के तौर पर शामिल किया जाएगा। फिलहाल, पूरे इलाके में इस घटना को लेकर आक्रोश और चर्चा का माहौल है।

Location :  Sonbhadra

Published :  15 April 2026, 5:29 PM IST