सोनभद्र: रॉबर्ट्सगंज के देवरी गांव में ज्वैलरी और फर्नीचर शॉप में लाखों की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

सोनभद्र जिले के देवरी गांव में ज्वैलरी और फर्नीचर दुकानों में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने दो दुकानों का ताला तोड़कर लाखों की संपत्ति चोरी कर ली, पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 28 August 2025, 7:17 PM IST

Sonbhadra: जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के देवरी गांव में बीती रात चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने ज्वैलरी की दुकान और फर्नीचर शोरूम को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ज्वैलरी और फर्नीचर की दुकान में लाखों की चोरी

घटना गुरुवार तड़के एक बजे से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है। आधी रात के समय आधा दर्जन से अधिक चोर ज्वैलरी शॉप में दाखिल हुए और बड़ी ही इत्मीनान से घंटों वहां रुककर सामानों की तलाशी ली। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कुछ चोर गंजी पहने हुए हैं और बैग व रैक को बारीकी से छानते हुए दिखाई दे रहे हैं। चोरों ने दुकान में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामानों को चोरी कर लिया और आराम से फरार हो गए।

पीड़ित दुकानदार अक्षय सेठ ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें तड़के 3:10 बजे हुई। जब वे मौके पर पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और कोतवाली में तहरीर दर्ज कराई। अक्षय सेठ ने बताया कि चोर दुकान से लाखों रुपये की संपत्ति लेकर फरार हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है, जो अब वायरल हो रहा है।

Sonbhadra News: पुलिस मुठभेड़ में इनामी बदमाश गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

दुकान का ताला तोड़ ले उड़े लाखों का माल

इतना ही नहीं, अक्षय सेठ के बड़े भाई दिलीप सेठ की दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। मरकरी तालाब के सामने स्थित फर्नीचर शोरूम का ताला तोड़कर चोरों ने उसमें रखे ₹26,000 नगद और डीवीआर चुरा लिए। साथ ही शो-रूम में रखी नई अलमारियों को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। फर्नीचर शॉप में भी भारी नुकसान हुआ है।

ताला तोड़कर लाखों की संपत्ति चोरी

दोनों दुकानदारों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि चोरों के फिंगरप्रिंट और अन्य सबूतों के जरिए जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

Sonbhadra News: सड़क हादसे के बाद मचा हंगामा, बाइक सवारों ने कार चालक को पीटा, वीडियो वायरल

सीसीटीवी फुटेज में चोरों के चेहरे आंशिक रूप से दिखाई दे रहे हैं, जिससे उम्मीद है कि पुलिस जल्दी ही उनकी पहचान कर सकेगी। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई है। दुकानदारों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Location :  Sonbhadra

Published :  28 August 2025, 7:17 PM IST