
सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा (Img: AI Generated)
Sonbhadra: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में गुरुवार की आधी रात एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। बभनी थाना क्षेत्र में बाइक से जा रहे मामा-भांजे को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर 21 वर्षीय मामा धानू की मौत हो गई, जबकि उसके 18 वर्षीय भांजे राहुल की हालत इतनी गंभीर थी कि उसे वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर करना पड़ा। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।
यह दुर्घटना नधिरा-बखरिहवां मार्ग पर निमहवा पहरी के पास गुरुवार रात करीब एक बजे हुई। मिली जानकारी के मुताबिक, नधिरा के सवाकुंड निवासी विनोद कुमार का बेटा धानू अपने भांजे राहुल को बाइक से छोड़ने जा रहा था। राहुल, अंजानी निवासी गोला का पुत्र बताया गया है।
दोनों रास्ते से गुजर रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि मामा-भांजा सड़क पर गिर पड़े और बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक के बारे में तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
ये भी पढ़ें- UGC NET 2026: UGC NET फॉर्म भरने में आ रही दिक्कत? NTA ने बताए लाइव फोटो अपलोड करने के 5 आसान तरीके
सड़क पर घायल पड़े दोनों युवकों को देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस की पीआरवी को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बभनी ले जाया गया।
वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिवार को उम्मीद थी कि समय पर इलाज मिलने से दोनों की जान बच जाएगी, लेकिन जिला अस्पताल में धानू ने दम तोड़ दिया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने 21 वर्षीय धानू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 18 वर्षीय राहुल की हालत गंभीर बनी हुई थी। बेहतर इलाज के लिए उसे वाराणसी के ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। कम उम्र में धानू की मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लिए यह हादसा बड़ा सदमा बनकर सामने आया है। दूसरी ओर, राहुल की गंभीर हालत को लेकर भी परिजन चिंतित हैं।
ये भी पढ़ें- शिवा शर्मा केस में कोर्ट का बड़ा फैसला, मॉडल श्रद्धा और दो अन्य की जमानत अर्जी खारिज
इस हादसे की सूचना नधिरा निवासी राजाराम और सुजीत कुमार ने दी। घटना के बाद टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। बभनी थाने के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है।
Location : Sonbhadra
Published : 23 October 2026, 4:33 PM IST
Topics : hit and run Road Accident sonbhadra news