
महराजगंज में म्यांमार का तस्कर गिरफ्तार
Maharajganj: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) की संयुक्त कार्रवाई में एक विदेशी नागरिक को 4.532 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (मादक पदार्थ) के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 जून 2026 को एसएसबी को सूचना मिली थी कि सीमा स्तंभ संख्या 517/2 के पास नेपाल से भारत की ओर एक संदिग्ध व्यक्ति मादक पदार्थ की खेप लेकर आने वाला है। सूचना मिलते ही विशेष गश्ती कमांडर प्रिया यादव (सहायक कमांडेंट), उपनिरीक्षक संजय नौटियाल, मुख्य आरक्षी अमरजीत उरांव, आरक्षी नवनीत कुमार तथा एनसीबी गोरखपुर के निरीक्षक आशीष कुमार सिंह और महेश प्रसाद की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।
कुछ देर बाद एक संदिग्ध व्यक्ति ट्रॉली बैग लेकर नेपाल से भारत की ओर आता दिखाई दिया। टीम ने उसे भारत-नेपाल सीमा से करीब 30 मीटर भारतीय क्षेत्र में रोककर पूछताछ की। संदेह होने पर उसके ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई, जिसमें प्लास्टिक पैकेटों में रखा मादक पदार्थ बरामद हुआ।
जांच में ट्रॉली बैग से हाइड्रोपोनिक वीड के छह पैकेट मिले, जिनका कुल वजन 4.532 किलोग्राम निकला। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम फियो (PHYO) पुत्र यू. हला आए (U.HLA AYE), उम्र 30 वर्ष, निवासी मंडले राज्य, म्यांमार बताया। उसने खुलासा किया कि यह मादक पदार्थ उसे थाईलैंड के एक व्यक्ति द्वारा दिया गया था और वह इसे थाईलैंड से नेपाल के रास्ते भारत लेकर आ रहा था।
सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी और बरामद मादक पदार्थ को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए एनसीबी जोनल यूनिट गोरखपुर को सुपुर्द कर दिया।
Location : Maharajganj
Published : 6 June 2026, 11:36 AM IST