
झोपड़ी पर गिरी आकाशीय बिजली (Img: Dynamite News)
Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में मिश्रिख क्षेत्र के तिमालिया गांव में बुधवार शाम बूंदाबांदी के बीच खेत के पास बनी झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में झोपड़ी में मौजूद 15 वर्षीय गंगाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि माया देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।
गांव निवासी मुन्नालाल का बेटा गंगाराम खेत में काम करने गया था। बुधवार शाम करीब पांच बजे मौसम अचानक बिगड़ने लगा और बूंदाबांदी शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए गंगाराम खेत के पास बनी झोपड़ी में चला गया। उसी दौरान तेज आवाज के साथ झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई।
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से गंगाराम बुरी तरह झुलस गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। झोपड़ी में मौजूद माया देवी भी बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व राजस्व विभाग को सूचना दी।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लिया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। वहीं घायल माया देवी को सीएचसी मिश्रिख में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
सीतापुर में सनसनी: गन्ने के खेत में पेड़ से लटका मिला लापता युवक का शव, परिवार में कोहराम
तहसीलदार मिश्रिख दीपक कुमार गुप्ता ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से हुई मौत के मामले में आपदा राहत के तहत नियमानुसार मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Location : Sitapur
Published : 7 October 2026, 7:24 PM IST