
सीतापुर में खूनी संघर्ष से मचा हड़कंप
Sitapur: कमलापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया। लुधौरा गांव के पास हाई-वे पर बाजार से घर लौट रहे मनोज को कथित तौर पर कुछ लोगों ने घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल मनोज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसमंडा ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, मनोज पुत्र भरोसे गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान लुधौरा गांव के पास कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, उस पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर गिर पड़ा। घटना की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मौके पर पहुंची पुलिस
मनोज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने गांव के ही करीब आधा दर्जन लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों को आशंका है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश है। हालांकि, हत्या की वजह और आरोपितों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
वारदात की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव और थाना प्रभारी इतुल चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौका मुआयना कर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। पुलिस परिजनों के आरोपों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Location : Sitapur
Published : 15 October 2026, 10:55 PM IST