शिवपाल यादव बदायूं में गरजे, बोले- लुटेरी सरकार को उखाड़ फेंकेगी समाजवादी पार्टी

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने बदायूं दौरे के दौरान भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और सपा आने वाले चुनाव में भाजपा सरकार को हटाने का काम करेगी। सीट बंटवारे और संगठन को लेकर भी उन्होंने बयान दिया...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 20 September 2026, 6:11 PM IST

Badaun News: उत्तर प्रदेश की सियासत में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने बदायूं पहुंचकर भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा की नीतियों को लेकर कई सवाल उठाए। पत्रकारों से बातचीत के दौरान शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा के किसी नेता ने वह काम नहीं किया, जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है। उन्होंने कहा कि भगवा कपड़े पहनने वाला व्यक्ति ऐसे काम नहीं कर सकता।

भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से परेशान है और आने वाले चुनाव में बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी और सरकार की कथित नाकामियों को जनता तक पहुंचाएगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार ने बेईमानी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने टैक्स व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि आम जनता पर लगातार बोझ बढ़ाया जा रहा है।

सीट बंटवारे पर बोले- राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा फैसला

सपा और कांग्रेस गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि सीटों का फैसला दोनों दलों के राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे।उन्होंने कहा कि किसी नेता के बयान देने से गठबंधन की रणनीति तय नहीं होगी। दोनों पार्टियां मजबूती के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत कर रही सपा

शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी इस समय संगठन को मजबूत करने में जुटी हुई है। पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जनता के बीच जा रहे हैं और लोगों की समस्याओं को समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा का हर कार्यकर्ता चुनावी तैयारी में जुटा है और पार्टी अपनी रणनीति के तहत आगे बढ़ रही है।

बागी विधायकों पर भी दिया बयान

सपा के बागी विधायकों को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि जो विधायक समाजवादी विचारधारा से जुड़े हैं, उनके बारे में पार्टी में चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जो कहती है, उसे पूरा करने का प्रयास करती है। पार्टी आगामी चुनाव को देखते हुए अपने संगठन और नेताओं के साथ आगे की रणनीति तैयार कर रही है।

Location :  Badaun

Published :  20 September 2026, 6:11 PM IST