
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद
RaeBareli : खीरों विकास क्षेत्र के सेमरी चौराहे पर शनिवार को जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गविष्ठि गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शंकराचार्य का अभिनंदन किया। शंकराचार्य ने लोगों से गौ संरक्षण को लेकर जागरूक होने और मतदान के माध्यम से अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
सभा को संबोधित करते हुए शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि ‘गविष्ठि गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा’ उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जा रही है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को गौ माता के संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूक करना तथा गौ रक्षा के पक्ष में जनसमर्थन तैयार करना है।
शंकराचार्य ने कहा कि सेमरी चौराहे पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी गौ संरक्षण के प्रति उनकी आस्था को दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी व्यक्तिगत रूप से गौ माता की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई है। साथ ही उन्होंने सवाल किया कि जो लोग खुद को गौभक्त बताते हैं। वे गौ रक्षा के लिए चल रही इस यात्रा में नजर क्यों नहीं आ रहे हैं।
शंकराचार्य ने कहा कि राजनीति से हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में जुड़ा होता है। ऐसे में मतदाताओं को उन जनप्रतिनिधियों का चुनाव करना चाहिए। यह गौ संरक्षण और समाजहित के लिए समर्पित होकर काम करें। उन्होंने लोगों से गौ माता की रक्षा के लिए एकजुट होकर जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
बता दें कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती अपनी गविष्ठि गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा के तहत पूरे प्रदेश के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। रायबरेली में यात्रा के दौरान सेमरी चौराहा, हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र, लालगंज विधानसभा क्षेत्र के सरेनी, डलमऊ के गदागंज, ऊंचाहार विधानसभा, सदर विधानसभा क्षेत्र के सुपर मार्केट, हरचंदपुर बाजार और बछरावां के तिलेंडा में कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
वहीं, दूसरे दिन 12 जुलाई को सुबह 8 बजे शिवगढ़ के भवानीगढ़ चौराहे पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
Location : RaeBareli
Published : 11 July 2026, 7:11 PM IST