मिर्जापुर में पीएम मोदी के जन्मदिन पर चलाया सेवा संकल्प अभियान, कई युवाओं ने किया रक्तदान

मिर्जापुर जिला अस्पताल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत विन्ध्य फाउंडेशन ट्रस्ट ने स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और रक्तदान को मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम बताया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 27 September 2026, 5:59 PM IST

Mirzapur News: मिर्जापुर में सेवा और समर्पण की एक मिसाल देखने को मिली, जहां जिला अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत विन्ध्य फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केसरी ने की। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक बड़ा माध्यम है। उन्होंने सभी रक्तवीरों का अभिनंदन करते हुए समाज के सक्षम लोगों से भी इस नेक कार्य में आगे आने की अपील की।

रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम में राज्यमंत्री, पिछड़ा वर्ग कल्याण सोहन लाल श्रीमाली मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने विन्ध्य फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। राज्यमंत्री ने रक्तदान करने वाले लोगों को सम्मानित किया और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में ऐसे अभियान काफी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में मां विंध्यवासिनी देवी मंदिर परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए संस्था को पूरा सहयोग दिया जाएगा।

जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने में मददगार है रक्तदान

विन्ध्य फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों तक रक्त पहुंचाने में सहयोग करना है। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है। किसी व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी अनजान जरूरतमंद की जिंदगी बचाने का जरिया बन सकता है। उन्होंने युवाओं और समाज के अन्य लोगों से भी नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।

संस्था के सदस्यों और रक्तवीरों ने लिया हिस्सा

शिविर में विन्ध्य फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष कृष्णानन्द हैहयवंशी, सचिव अभिषेक साहू, उपाध्यक्ष आशुतोष, आकाश, विनय, अक्षत, शशांक, आदित्य, देवव्रत साहू समेत संस्था के कई सदस्य मौजूद रहे। रक्तदान करने वालों में प्रद्युम्न बरनवाल, कमलेश मोदनवाल, रितेश केशरी, जयशंकर जायसवाल, गणेश कुमार, आदित्य बरनवाल, बाल गोविंद, मुकेश गुप्ता, नितेश पाण्डेय और अंकित उपाध्याय समेत कई रक्तवीरों ने हिस्सा लिया। शिविर में मंडलीय रक्तकोष टीम का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। विन्ध्य फाउंडेशन ट्रस्ट ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों और सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि समाज के सहयोग से सेवा का यह अभियान लगातार आगे बढ़ता रहेगा।

Location :  Mirzapur

Published :  27 September 2026, 5:59 PM IST