यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने किया गठबंधन का ऐलान, कहा- लड़ेंगे और जीतेंगे भी, भाजपा पर तीखा हमला

रायबरेली में PDA रथयात्रा के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने सीसीटीवी और चोरी को लेकर सरकार पर हमला बोला। अखिलेश ने काशी, अयोध्या और 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी भाजपा पर कई आरोप लगाए और गठबंधन के साथ चुनाव लड़ने की बात कही...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 24 September 2026, 6:55 PM IST
google-preferred

Raebareli News: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने रायबरेली से अपनी PDA रथयात्रा की शुरुआत कर दी है। गुरुवार को रायबरेली पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जनसभा में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े चोरी के मामले का जिक्र करते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम ने सीसीटीवी कैमरे लगाए थे और उसमें कुछ लोग चोरी करते हुए पकड़े गए।

'ये नकली हिंदू हैं', अखिलेश का सरकार पर हमला

रायबरेली में अखिलेश यादव ने भाजपा पर धार्मिक मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये लोग नकली हिंदू हैं और इन्होंने काशी को भी नहीं छोड़ा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि काशी में भी बुलडोजर चलाया गया और धार्मिक स्थलों को ढहाया गया। अखिलेश यादव पिछले दिनों भी अयोध्या में विकास के नाम पर गरीबों के घर तोड़े जाने और प्रभावित लोगों को मुआवजा देने की बात कह चुके हैं।

'हमारे एकरंगी मुख्यमंत्री अयोध्या जाने का रिकॉर्ड बना रहे थे'

सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि हमारे एकरंगी मुख्यमंत्री अयोध्या जाने का रिकॉर्ड बना रहे थे, लेकिन अब अयोध्या में क्या हुआ, यह सभी जानते हैं। उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले को लेकर सवाल उठाते हुए पूछा कि करोड़ों श्रद्धालुओं के चढ़ावे में चोरी किसने की। अयोध्या मामले में दाखिल चार्जशीट के मुताबिक पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है और जांच में 105 सीसीटीवी फुटेज तथा 173 गवाहों के बयान को आधार बनाया गया है।

2027 चुनाव को लेकर PDA रथयात्रा का आगाज

अखिलेश यादव की रायबरेली यात्रा को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। समाजवादी पार्टी ने रायबरेली से PDA रथयात्रा शुरू की है। पार्टी का फोकस पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के बीच संगठन को मजबूत करने पर है। रायबरेली पहुंचकर अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं के बीच चुनावी माहौल बनाने की कोशिश की और भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला। उन्होंने गठबंधन को लेकर भी कहा कि विपक्षी दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। हालांकि, गठबंधन की सीटों और स्वरूप को लेकर अंतिम तस्वीर अभी स्पष्ट नहीं है।

Location :  Raebareli

Published :  24 September 2026, 6:41 PM IST

Related News

Advertisement