हिंदी
छात्र सभा के नए लुक में Blue T-Shirt और Jeans
लखनऊ: समाजवादी पार्टी (SP) अब अपनी पारंपरिक पहचान के साथ युवाओं की नई पीढ़ी यानी Gen Z को जोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी गठन के बाद से लाल और हरा रंग सपा की पहचान रहे हैं, लेकिन अब पार्टी अपने रंगों के विस्तार की तैयारी में है। सपा छात्र सभा के नए स्वरूप में नीले रंग को भी शामिल करने की योजना बनाई जा रही है।
समाजवादी छात्र सभा को पहले से अलग और आधुनिक पहचान देने की तैयारी चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, छात्र संगठन के लिए एक नया ड्रेस कोड तैयार किया जा रहा है, जिसमें नीली टी-शर्ट के साथ जींस या इसी रंग की शर्ट-ट्राउजर शामिल हो सकते हैं।
पार्टी रणनीतिकारों का मानना है कि छात्र सभा में बड़ी संख्या में Gen Z के युवा जुड़े हैं, इसलिए युवाओं की पसंद और आधुनिक ट्रेंड को ध्यान में रखते हुए नया लुक तैयार किया जा रहा है।
यह पहली बार नहीं है जब सपा के कार्यक्रमों में नीला रंग नजर आया है। 31 अगस्त को प्रदेशभर के जिला और शहर अध्यक्षों की बैठक में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव समेत कई बड़े नेताओं को नीले स्कार्फ में देखा गया था।
इन स्कार्फ पर पार्टी का चुनाव चिह्न साइकिल लाल रंग में बना हुआ था। इससे पहले पार्टी के कार्यक्रमों में लाल और हरे रंग के स्कार्फ का इस्तेमाल होता रहा है, जबकि 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान लाल चेक वाले गमछे भी चर्चा में रहे थे।
सपा पदाधिकारियों का कहना है कि नीला रंग खुले आसमान और समानता का प्रतीक है। पार्टी का तर्क है कि यह रंग जाति आधारित भेदभाव से मुक्त समाज की भावना को दर्शाता है।
हालांकि, राजनीतिक तौर पर नीला रंग डॉ. भीमराव अंबेडकर और दलित आंदोलन से भी जुड़ा माना जाता है। सपा का PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) एजेंडा पार्टी की मौजूदा रणनीति का अहम हिस्सा है, ऐसे में नीले रंग को शामिल करने को राजनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, सपा नेतृत्व छात्र सभा को पार्टी के अन्य संगठनों से अलग पहचान देना चाहता है। हालांकि छात्र सभा के लोगो में मूल डिजाइन और रंग संयोजन में लाल और हरे रंग को बरकरार रखा जाएगा।
छात्र सभा के नए ड्रेस कोड की औपचारिक घोषणा आने वाले दिनों में लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में की जा सकती है।
Location : Lucknow
Published : 8 September 2026, 1:21 PM IST
Topics : akhilesh yadav news Dalit Symbol Blue Colour Samajwadi Party New Strategy Samajwadi Student Sabha SP Blue Colour Strategy
No related posts found.