उमाशंकर सिंह के निधन पर सपा ने जताया शोक, रामगोविन्द चौधरी बोले- पूर्वांचल की राजनीति को अपूरणीय क्षति

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी ने उमाशंकर सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह सहज, मृदुभाषी और सर्वप्रिय व्यक्तित्व के धनी थे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 August 2026, 8:52 PM IST

Lucknow: बहुजन समाज पार्टी के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक उमाशंकर सिंह के असामयिक निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। समाजवादी पार्टी ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इसे बलिया समेत पूरे पूर्वांचल की राजनीति और समाज के लिए बड़ी क्षति बताया है। सपा नेताओं ने कहा कि उमाशंकर सिंह अपने सरल स्वभाव, जनसेवा और सभी वर्गों के लोगों से जुड़ाव के लिए हमेशा याद किए जाएंगे।

रामगोविन्द चौधरी ने बताया जनप्रिय व्यक्तित्व

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी ने उमाशंकर सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह सहज, मृदुभाषी और सर्वप्रिय व्यक्तित्व के धनी थे। रामगोविन्द चौधरी ने कहा कि अपने व्यवहार, सादगी और जनता के प्रति समर्पण के कारण उमाशंकर सिंह ने समाज के हर वर्ग में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनका निधन राजनीति और समाज दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है।

छात्र जीवन से था सुशील पाण्डेय का जुड़ाव

वहीं समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष और प्रवक्ता सुशील पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने भी विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि उनका जुड़ाव उमाशंकर सिंह से छात्र जीवन के समय से रहा था। सुशील पाण्डेय ने कहा कि उमाशंकर सिंह रिश्तों को महत्व देने वाले व्यक्ति थे। वह लोगों से आत्मीयता के साथ मिलते थे और हर व्यक्ति को सम्मान देना उनके व्यक्तित्व की बड़ी विशेषता थी। उनका सरल व्यवहार और स्नेह हमेशा लोगों के बीच याद किया जाएगा।

सपा नेताओं ने परिवार के प्रति जताई संवेदना

समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की। सपा नेताओं ने कहा कि उमाशंकर सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन में जनता के मुद्दों को प्राथमिकता दी और लोगों के बीच रहकर काम किया। उनके निधन से पूर्वांचल की राजनीति में एक बड़ा खालीपन पैदा हुआ है।

Location :  Lucknow

Published :  6 August 2026, 8:52 PM IST