
एआई इमेज (AI Ims)
गोरखपुर: संतकबीरनगर के पूर्व सांसद स्वर्गीय शरद कुमार त्रिपाठी की लाइसेंसी रिवाल्वर रहस्यमय परिस्थितियों में गायब होने का मामला सामने आया है। लंबे समय बाद जब परिवार ने उनका लॉकर खोला तो उसमें रखी रिवाल्वर नहीं मिली। लॉकर में अन्य सभी महत्वपूर्ण कागजात सुरक्षित मिले, लेकिन रिवाल्वर गायब होने की जानकारी से परिवार में हड़कंप मच गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब रिवाल्वर का कोई सुराग नहीं मिला तो उनके पुत्र मृगेंद्र राम त्रिपाठी ने खजनी थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पूर्व सांसद शरद कुमार त्रिपाठी का पैतृक गांव गोरखपुर जिले के खजनी थाना क्षेत्र अंतर्गत झुड़िया में स्थित है। वह संतकबीरनगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद रह चुके थे। 30 जून 2021 को मेदांता अस्पताल में उनका निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार लंबे समय तक शोक और पीड़ा से गुजरता रहा। इस दौरान उनकी निजी वस्तुओं और पुराने सामान को सहेजकर रखा गया। परिवार के सदस्यों ने भावनात्मक कारणों से लंबे समय तक उनके लॉकर को खोलने की हिम्मत नहीं जुटाई।
समय बीतने के साथ जब परिवार ने पुराने सामान और दस्तावेजों को देखने के लिए लॉकर खोला तो उसमें रखी लाइसेंसी रिवाल्वर गायब मिली। हैरानी की बात यह रही कि लॉकर में रखे अन्य सभी कागजात मौजूद थे, लेकिन रिवाल्वर का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद परिवार ने संभावित स्थानों और उन ठिकानों पर भी जानकारी जुटाई, जहां रिवाल्वर रखे जाने या जमा होने की संभावना हो सकती थी। तमाम प्रयासों के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
अंततः पूर्व सांसद के पुत्र मृगेंद्र राम त्रिपाठी ने खजनी थाने पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन शुरू कर दी है।
इस संबंध में खजनी थाने के अपराध निरीक्षक डीएन सरोज ने बताया कि पूर्व सांसद स्वर्गीय शरद त्रिपाठी के पुत्र मृगेंद्र त्रिपाठी की ओर से रिवाल्वर गायब होने के संबंध में लिखित तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
अब पुलिस जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि पूर्व सांसद की लाइसेंसी रिवाल्वर लॉकर से कब और किन परिस्थितियों में गायब हुई तथा इसके पीछे किसकी भूमिका है।
Location : Gorakhpur
Published : 24 November 2026, 11:54 AM IST