बदायूं में गोवंश संरक्षण को लेकर सड़क पर उतरा राष्ट्रीय बजरंग दल, प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी

बदायूं में गोवंश संरक्षण और गोशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर राष्ट्रीय बजरंग दल ने धरना प्रदर्शन किया। संगठन ने चारा, इलाज, टैगिंग, CCTV और रिकॉर्ड व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए CDO को ज्ञापन सौंपा और एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 31 August 2026, 4:39 PM IST

Budaun News: गोवंश संरक्षण और गोशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर बदायूं में राष्ट्रीय बजरंग दल ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को धरना-प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई और इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गोशालाओं की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की। संगठन ने आरोप लगाया कि जिले में कई जगह गोवंशों के संरक्षण को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। साथ ही चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

गोवंश संरक्षण को लेकर प्रदर्शन

बदायूं में राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता गोवंश संरक्षण के मुद्दे को लेकर एकजुट हुए। प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंशों और गोशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के बाद संगठन के प्रांत महामंत्री पंकज गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य विकास अधिकारी बदायूं को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पशुपालन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कई मांगें रखी गईं।

गोशालाओं में चारा और इलाज की व्यवस्था पर सवाल

राष्ट्रीय बजरंग दल ने मांग की है कि सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंशों को जल्द से जल्द सुरक्षित गोशालाओं में पहुंचाया जाए। संगठन का कहना है कि इससे जहां सड़क हादसों में इंसानों की जान बच सकेगी, वहीं गोवंश भी सुरक्षित रहेंगे। ज्ञापन में गोशालाओं में पर्याप्त चारा उपलब्ध कराने, बीमार और घायल गोवंशों का नियमित उपचार कराने और पशु चिकित्सकों की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित करने की मांग की गई है। संगठन ने आरोप लगाया कि कुछ गोशालाओं में रखरखाव की स्थिति ठीक नहीं है और गोवंशों को मिलने वाली सुविधाओं में कमी बरती जा रही है।

CCTV, टैगिंग और रिकॉर्ड व्यवस्था की मांग

प्रदर्शनकारियों ने गोशालाओं में निगरानी के लिए CCTV कैमरे लगाने की मांग भी की है। इसके अलावा गोवंशों की टैगिंग, रिकॉर्ड और मृत्यु के कारणों को दर्ज करने की व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठाई गई है। ज्ञापन में कहा गया कि सभी गोशालाओं के रिकॉर्ड रजिस्टरों की जांच कर मौके पर मौजूद गोवंशों से उनका मिलान कराया जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

क्षमता से अधिक गोवंश रखने का आरोप

राष्ट्रीय बजरंग दल ने कुछ गोशालाओं में क्षमता से अधिक गोवंश रखे जाने का भी आरोप लगाया है। संगठन ने गर्मी और बारिश के मौसम में गोवंशों के संरक्षण की व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले गोवंशों के इलाज में कथित लापरवाही की जांच कराने और सहभागिता योजना के तहत सुपुर्द किए गए गोवंशों की वीडियोग्राफी व टैग नंबर के आधार पर सत्यापन कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

संगठन ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। राष्ट्रीय बजरंग दल ने साफ कहा है कि अगर एक सप्ताह के अंदर उनकी मांगों पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। अब देखने वाली बात होगी कि धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन के बाद जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग गोवंश संरक्षण को लेकर क्या कार्रवाई करता है।

Location :  Budaun

Published :  31 August 2026, 4:39 PM IST