
Symbolic Photo
Rampur: रामपुर में शिक्षा के नाम पर ऐसा खेल खेला जा रहा था, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। मामला इतना संगीन है कि सुनकर ही रोंगटे खड़े हो जाएं। बच्चों को अनुशासन सिखाने के बहाने उनके साथ अश्लील हरकतें करने का आरोप एक स्कूल प्रबंधक पर लगा है। जैसे ही यह राज खुला, स्कूल परिसर में हंगामा मच गया और गुस्साए परिजनों ने आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी।
सेंट फ्रांसिस स्कूल में सनसनी
घटना रामपुर जनपद के थाना भोट क्षेत्र के खूंटा खेड़ा स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल की है। आरोप है कि स्कूल का प्रबंधक, जिसे बच्चे फादर कहकर बुलाते थे, अनुशासन के नाम पर छात्र-छात्राओं को अपने कमरे में बुलाता था। वहां वह उनके साथ अनुचित व्यवहार और अश्लील हरकतें करता था। बच्चों ने जब घर पहुंचकर आपबीती सुनाई तो परिवार वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
परिजनों का फूटा गुस्सा
बच्चों की बात सुनते ही दर्जनों परिजन और ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। उन्होंने आरोपी प्रबंधक को घेर लिया और देखते ही देखते माहौल गरमा गया। गुस्साई भीड़ ने स्कूल परिसर में ही उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान वहां मौजूद किसी शख्स ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भीड़ का आक्रोश साफ नजर आ रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
हंगामे की सूचना मिलते ही थाना भोट पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना दिया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है और ऐसे लोगों को स्कूल जैसे पवित्र स्थानों में जगह कैसे मिल जाती है।
Location : Rampur
Published : 18 February 2026, 1:39 PM IST